वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

भारत के हितों की मजबूती से पैरवी क्यों नहीं कर पा रही मोदी सरकार : कांग्रेस

प्रकाशित: 12-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली, (वीअ)। कांग्रेस ने अमेरिकी गृह विभाग के एक विवादित विज्ञापन को भारतीय लोगों का अपमान बताते हुए पावार को मोदी सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि आखिर वह भारत के हितों की मजबूती से पैरवी क्यों नहीं कर पा रही है तथा बार-बार कमजोर क्यों साबित हो रही है ?
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि विदेश नीति में मित्रता महत्वपूर्ण है, लेकिन राष्ट्रहित, भारतीय लोगों की गरिमा और भारत की संप्रभुता सर्वोपरि हैं तथा इन पर कोई समझौता नहीं हो सकता। अमेरिका के गृह सुरक्षा विभाग के उस विज्ञापन पर विवाद बढ़ गया है जिसमें तथाकथित मिस्टर सिंह को खुद देश छोड़ने के लिए कहते हुए संदेश लिखा गया है। अधिकार समूहों ने इस विज्ञापन को नस्लवादी और अमेरिका-विरोधी करार दिया है। गृह सुरक्षा विभाग ने बिना लाइसेंस वाले वाणिज्यिक चालकों के खिलाफ अपने अभियान के तहत सोशल मीडिया मंच एक्स पर कृत्रिम मेधा (एआई) से तैयार तस्वीरों का इस्तेमाल किया जिसमें भूरी दाढ़ी वाले एक व्यक्ति को दिखाते हुए संदेश लिखा गया है-हमारी सड़कों से दफा हो जाओ, मिस्टर सिंह आपको वाहन चलाना नहीं आता। रमेश ने इस विज्ञापन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल किसी एक व्यक्ति या समुदाय का अपमान नहीं, बल्कि सभी भारतीय नागरिकों की गरिमा का अपमान है। उन्होंने कहा कि ऐसी नस्ली रूढ़ियों और सरकारी स्तर पर की गई अभद्रता का कड़ा प्रतिवाद होना चाहिए था। रमेश के अनुसार, अमेरिका में व्यापक विरोध के बाद गृह सुरक्षा विभाग को यह पोस्ट हटानी पड़ी, लेकिन इसके बाद भी विभाग अपने आधिकारिक पोस्ट के जरिए इस अभियान और उसकी भाषा का बचाव कर रहा है। उन्होंने सवाल किया कि भारतीयों के इस कथित अपमान पर भारत सरकार की ओर से सार्वजनिक रूप से कोई कड़ा प्रतिवाद क्यों नहीं किया गया ?