वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत की जाए: योगी

प्रकाशित: 12-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत की जाए: योगी
वीर अर्जुन संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पावार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे बारिश से खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करें और बरसात के बाद नवीनीकरण का कार्य कराएं।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक पावार को लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बारिश अभी जारी है, इसलिए सड़कों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और बारिश से नए क्षतिग्रस्त मार्गों का भी सर्वे कराया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होगी और ऐसे में प्रमुख मार्गों पर आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने त्योहारों से पहले आवश्यक मरम्मत और नवीनीकरण के काम पूरे करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का कार्य केवल खानापूर्ति न हो बल्कि आवगमन के लायक बनाया जाए और बरसात समाप्त होने के बाद जरूरत के अनुसार स्थायी नवीनीकरण कराया जाए। बयान के मुताबिक बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अतिवृष्टि के साथ ही एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय मार्ग, रेलवे आदि की निर्माणाधीन परियोजनाओं के कारण भारी वाहनों की आवाजाही से भी कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इन मार्गों का विभागवार सर्वे कराया जा रहा है।
सर्वे के आधार पर क्षतिग्रस्त सड़कों को चिन्हित कर गड्ढा मुक्त के विभागवार लक्ष्य तय किए जाएंगे। बयान के मुताबिक प्रदेश में 681 महत्वपूर्ण मार्ग चिन्हित किए गए हैं। इनमें गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा, नवरात्रि, दीपावली, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा जैसे प्रमुख पर्वों के दौरान अधिक आवागमन वाले मार्ग शामिल हैं। इन मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर स्थिति में रखने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों से भी उनकी कार्ययोजना की जानकारी ली।
साथ ही मंडी परिषद, पंचायती राज, सिंचाई, ग्राम्य विकास, नगर विकास, आवास एवं शहरी नियोजन तथा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की कार्य योजनाओं की समीक्षा की गई।