वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

मुख्यमंत्री ने सपरिवार किए बांके बिहारी के दर्शन

प्रकाशित: 06-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार देर सायं अपनी धर्मपत्नी सुमन सैनी व सुपुत्र अनिकेत और सुपुत्री वंशिका के साथ उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित विश्वविख्यात श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ठाकुर श्री बांके बिहारी की मूर्ति पर पुष्प माला अर्पित की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
उन्होंने कहा कि मेरा परम सौभाग्य है कि मुझे आज यहां वृंदावन की पावन धरती पर श्री बांके बिहारी लाल सहित राधा वल्लभ लाल जी और अन्य धार्मिक स्थलों का दर्शन करने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने यहां अनेक लीलाएं रची है और यहां का कण कण पवित्र है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण हरियाणा प्रदेश की पवित्र धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में यहीं से परिवार सहित गए थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी निर्धारित कार्पाम के अनुसार वृंदावन पहुंचे, जहां मंदिर प्रशासन और श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में प्रदेश के सर्वांगीण विकास, किसानों की समृद्धि, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य तथा देश की उन्नति के लिए प्रार्थना की। इसके उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी परिवार सहित श्री राधा वल्लभ लाल जी मंदिर और और श्री कृपाधाम पहुंचे और वहां सपरिवार भगवान के दर्शन किए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी धर्मपत्नी सुमन सैनी व बेटा और बेटी साथ मंदिर परिसर में कुछ समय तक रुके और श्रद्धा एवं भक्ति भाव से ठाकुर जी के दर्शन किए। इस अवसर पर मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और धार्मिक आस्था के इस पावन अवसर को साझा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वृंदावन की पावन भूमि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है।