वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

सैनिक वोटिंग क्लब तालाब ओवर फ्लो होने से घरों के चारों ओर भरा पानी

प्रकाशित: 06-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ,(वीअ)। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक हुई बारिश के बाद सरोजनीनगर स्थित सैनिक बोटिंग क्लब तालाब ओवरफ्लो हो गया, जिससे आसपास के करीब दर्जनभर घरों के चारों ओर पानी भर गया। जलभराव इतना अधिक था कि इन घरों के लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। मंगलवार सुबह कई लोग अपने काम पर नहीं पहुंच सके, जबकि स्कूली बच्चे भी स्कूल नहीं जा पाए। स्थानीय लोगों ने इस मामले में कानपुर रोड पर निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे की कार्यदायी संस्था पीएनसी कंपनी को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान कानपुर रोड किनारे बनाए गए बड़े नालों को हाइडिल नहर के पास स्कूटर इंडिया की ओर जाने वाले नाले से नहीं जोड़ा गया। इसके कारण ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन और आसपास की कॉलोनियों का बरसाती व घरों का गंदा पानी सीधे सैनिक बोटिंग क्लब तालाब में पहुंच रहा है।लगातार पानी आने से तालाब उफन गया और आसपास के घरों व सड़कों पर भीषण जलभराव हो गया। इससे शशांक पांडे, अंकित बाजपेई, हरिओम बाजपेई, संगीता पांडे, उपासना मिश्रा, सोनू तिवारी, अनुराग बाजपेई, शीला बाजपेई, आशुतोष श्रीवास्तव और राजेश्वर बाजपेई सहित अन्य घरों के लोगों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई। बाद में मामले की जानकारी मिलने पर उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा ने नगर निगम जोन-8, एनएचएआई और अन्य संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर तत्काल समाधान की मांग की। वहीं भाजयुमो के गौरी मंडल संयोजक अभिषेक सिंह चौहान ने भी विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह को पत्र भेजकर समस्या से अवगत कराया। शिकायत के बाद नगर निगम जोन-8 ने मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे पानी निकासी के लिए पंपिंग सेट तो मौके पर भेज दिया, लेकिन शाम तक उसे चालू नहीं किया जा सका। ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि इस संबंध में एसडीएम सरोजनीनगर, एसीपी कृष्णानगर, एनएचएआई और नगर निगम के अधिकारियों को करीब दो माह पहले ही ज्ञापन देकर आगाह किया गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि छठ पूजा स्थल का रास्ता बह जाने से लगभग 20 हजार श्रद्धालु प्रभावित होंगे। साथ ही जलभराव से स्वास्थ्य संबंधी खतरे और विषैले जीव-जंतुओं का डर भी बढ़ गया है।