वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ाई

प्रकाशित: 14-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली , (वीअ)। स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली पुलिस ने समूची राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। कार्यक्रमों का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए गश्त, वाहन जांच, ड्रोन निगरानी और मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
शहर की सीमाओं, भीड़भाड़ वाले बाजारों, मॉल, होटल, सार्वजनिक जगहों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा से लगती आया नगर सीमा पर बृहस्पतिवार को पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए और शहर में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं पर कड़ी नजर रखते हुए पुलिस टीमों ने कई जिलों में गश्त और एहतियाती जांच भी तेज कर दी है। पूर्वी दिल्ली में पुलिस संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, यमुना खादर और अन्य संवेदनशील हिस्सों के साथ-साथ यमुना नदी की निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि बाजारों, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। बड़ी सभाओं और कानून-व्यवस्था के समक्ष संभावित चुनौतियों से निपटने की तैयारी के तहत, उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिला पुलिस ने भीड़ प्रबंधन पर एक व्यापक मॉक ड्रिल की। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने बताया कि सभी थानों के प्रभारियों और लगभग 200 पुलिस कर्मियों ने उस अभ्यास में हिस्सा लिया, जो आंदोलन, प्रदर्शन, हिंसक विरोध और दंगा जैसी स्थितियों पर समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर केंद्रित था। अलवल के अनुसार, कर्मियों को भीड़-नियंत्रण उपकरणों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें पानी की बौछारें, वज्र वाहन और आंसू गैस की बंदूकें शामिल हैं। उन्होने बताया कि अभ्यास में सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखते हुए अनियंत्रित भीड़ को प्रभावी ढंग से तितर-बितर करने के तरीकों की जानकारी दी गई और टीम समन्वय तथा त्वरित प्रतिक्रिया पर भी ध्यान केंद्रित किया गया। इस बीच, सख्त सुरक्षा उपायों के चलते उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में पिस्तौल से लैस एक अपराधी को पकड़ा गया।पुलिस ने कहा कि मुखर्जी नगर थाने के कर्मियों ने बुधवार शाम एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया। जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि गाड़ी के चालक और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति ने कथित तौर पर वाहन छोड़ दिया और भागने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जिसकी पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी 27 वर्षीय सलमान के रूप में हुई, जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा।
यादव ने कहा कि सलमान के पास से एक स्वचालित पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद किए गए, जबकि वाहन के डैशबोर्ड में पांच अतिरिक्त कारतूस पाए गए, जिससे कुल बरामदगी 15 कारतूस हो गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी लूट और झटमारी के मामलों में शामिल रहा है। वरिष्" पुलिस अधिकारियों ने टीमों को 15 अगस्त तक कड़ी सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया है। साथ ही रणनीतिक स्थानों पर निवारक जांच और निगरानी की जा रही है।