वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

पुरानी रंजिश के चलते 45-वर्षीय व्यक्ति की हत्या, पांच गिरफ्तार

प्रकाशित: 14-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली , (वीअ)। राष्ट्रीय राजधानी के कंझावला इलाके में 22-साल पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की कथित रूप से कार से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस बाबत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, इससे पहले भी 45-वर्षीय दीपक डबास की हत्या करने की दो बार कोशिश की गई थी। एक बार उसके भाई के घर के बाहर गोलीबारी कराई गई थी और दूसरी बार दो जुलाई को एक कार से उसे टक्कर मारी गई थी। इन दोनों हमलों में दीपक बच गया था।
रोहिणी के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शशांक जायसवाल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जब ये प्रयास विफल रहे, तो साजिशकर्ताओं ने एक और प्रयास किया, जिसके कारण 16 जुलाई को दीपक की मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि हत्या की इस साजिश के पीछे 22 साल पुरानी रंजिश थी, जिसकी शुरुआत दीपक द्वारा आरोपी की बहन को कथित तौर पर परेशान करने से हुई थी। पुलिस ने बताया कि इस मामले का मुख्य आरोपी पवन उर्फ जगपाल डबास (45) है। पुलिस ने पवन को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच शुरू होने के बाद से दीपक की मौत के मामले में चार अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। डीसीपी ने बताया कि यह मामला 16 जुलाई को उस समय प्रकाश में आया जब कंझावला थाने को चांदपुर माजरा के पास एक खेत में एक एसयूवी के पास शव के पड़े होने की सूचना दी गई।
एक पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पीड]ित का शव बरामद किया। करीब 100 मीटर दूर एक क्षतिग्रस्त स्कूटर मिला। जांच के दौरान मृतक की पहचान माजरा डबास गांव निवासी दीपक के रूप में हुई।
इसके बाद कंझावला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और हत्या की जांच के लिए एक टीम का ग"न किया गया। जांच में पता चला कि माजरा डबास में स्कूटर चलाते समय दो जुलाई को दीपक पहले भी एक सड़क दुर्घटना का शिकार हुए थे। उसे एक कार ने टक्कर मार दी थी और इस घटना को लेकर अन्य प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
डीसीपी ने कहा, wजैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, टीम ने 17 जुलाई को सागर उर्फ काला (30) को गिरफ्तार कर लिया। गहन पूछताछ के दौरान, उसने साजिश का खुलासा किया और टीम को बताया कि उसने दीपक की हत्या के इरादे से दो जुलाई को जानबूझकर कार से उसे टक्कर मारी थी।w
पुलिस ने बताया कि उस पिछले प्रयास में इस्तेमाल किया गया वाहन बाद में अतुल उर्फ मोंटी (30) के पास से बरामद कर लिया गया।
सागर से आगे की पूछताछ में पवन उर्फ जगपाल डबास (45) की भूमिका सामने आई, जिसकी पहचान कथित मुख्य साजिशकर्ता के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पवन की दीपक से पुरानी दुश्मनी थी और उसने दीपक की हत्या की साजिश रची थी।
इसके बाद जांच पुलिस को साजिश में शामिल अन्य कथित सहयोगियों तक ले गई। पुलिस ने बताया कि साहिल (23) को पवन को शरण देने के आरोप में 22 जुलाई को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने कहा, wप्रिंस उर्फ टिल्ली (24) को 26 जुलाई को उस स्कॉर्पियो का इंतजाम करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया, जिसका इस्तेमाल दीपक को कुचलकर मारने के लिए किया गया था।w
पुलिस ने बताया कि संयुक्त पुलिस टीम के निरंतर प्रयासों के बाद मुख्य साजिशकर्ता पवन को आखिरकार 12 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पवन पहले भी चार आपराधिक मामलों में शामिल रहा था, जबकि सागर के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज थे। प्रिंस के खिलाफ भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अतुल और साहिल का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था।