जनपद मुख्यालय पर भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित
प्रकाशित: 14-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
सीतापुर,(वीअ)। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मुख्यालय के जीआईसी प्रांगण से अटल चौक तक जिले की भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री मनोज पांडेय उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र सम्मान की यात्रा है यह सभी भारतवासियों को एक सूत्र में बांधती है साथ ही साथ हम सभी को भारत की सुरक्षा और समृद्धि का वचन भी दिलाती है। भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने बताया कि सभी मंडलों में तिरंगा यात्रा निकाली गई है और आज यह तिरंगा यात्रा जिला स्तर पर निकाली जा रही है जिसमें पूरे जिले से लोग बढ़ चढ़कर भाग ले रहे हैं और भारत माता के गौरव की गाथा गा रहे हैं। उन्होंने बताया कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप प्रत्येक व्यक्ति अपने घर के ऊपर आज तिरंगा झंडा लगा रहा है और इन यात्राओं में शामिल होकर भारत की एकता एवं अखंडता का परिचायक बन रहा है उन्होंने यात्रा में आए हुए सभी राष्ट्रभक्तों का अभिवादन किया। इस अवसर पर भारी संख्या में राष्ट्रभक्त जनप्रतिनिधि एवं पार्टी के कार्यकर्ता व समर्थक उपस्थित रहे।