वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में उमड़े मरीज

प्रकाशित: 08-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
बांदा,(वीअ)। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा के अंतर्गत मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में पहुंचे मरीजों को चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर निरूशुल्क दवाएं वितरित कीं तथा आवश्यक परामर्श दिया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. पवन कुमार के निर्देशन में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गड़रिया, सिंधनकला और चंदवारा में आयोजित मेले में कुल 95 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। सुबह से ही केंद्रों पर मरीजों की भीड़ रही, जहां पुरुषों, महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर उनका उपचार किया गया। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार चंदवारा केंद्र में सर्वाधिक 40 मरीज पहुंचे। वहीं सिंधनकला में 32 तथा गड़रिया में 23 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
चंदवारा केंद्र में चिकित्साधिकारी डा. शशि सिंह चौहान और फार्मासिस्ट महेंद्र सिंह उत्तम ने मरीजों को सेवाएं प्रदान कीं। सिंधनकला केंद्र में चिकित्साधिकारी डा. अंकुर अवस्थी, फार्मासिस्ट प्रदीप सिंह तथा लैब टेक्नीशियन अभिषेक कुशवाहा मौजूद रहे। गड़रिया केंद्र में चिकित्साधिकारी डॉ. सुमन देवी एवं लैब टेक्नीशियन विवेक त्रिपाठी ने मरीजों की जांच की। मेले की निगरानी बीसीपीएम ज्ञान सिंह द्वारा की गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेला ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इससे लोगों को समय पर जांच, उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सलाह मिल रही है, जिससे गंभीर बीमारियों की रोकथाम में भी मदद मिल रही है।