वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

योगी का विपक्ष पर हमला: कहा, बीमारी से गरीबों की मौत होती थी,ये मौन रहते थे

प्रकाशित: 12-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
संत कबीर नगर,(वीअ)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत कबीर नगर में 684 करोड़ से अधिक लागत की 201 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्पाम को संबोधित करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष जिस तरह से प्रोपेगेंडा कर रहा है, उससे पहले उसे अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, आज जो कांग्रेस और समाजवादी पार्टी प्रोपेगेंडा कर रही हैं, उनसे पूछना चाहता हूं कि इन्होंने क्या किया है? उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान बीमारी से लोगों की मौत होती थी और गरीबों के बच्चे इलाज के अभाव में दम तोड़ देते थे, लेकिन तत्कालीन सरकारें इस ओर ध्यान नहीं देती थीं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज गोरखपुर का बीआरडी मेडिकल कॉलेज बेहतर स्थिति में है और गोरखपुर में एम्स भी स्थापित हो चुका है। इसके साथ ही कुशीनगर, महराजगंज, देवरिया, सिद्धार्थनगर और बहराइच समेत कई जिलों में मेडिकल कॉलेजों का निर्माण हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की एक लंबी श्रृंखला खड़ी हो गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की इच्छाशक्ति, साफ नीयत और स्पष्ट नीति हो तो विकास कार्यों को जमीन पर उतारा जा सकता है। मेडिकल कॉलेजों का निर्माण इसी इच्छाशक्ति और नीति का परिणाम है।