वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों को दुर्गम क्षेत्र का लाभ दिलाने पर मोर्चा अध्यक्ष का किया अभिनंदन

प्रकाशित: 08-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
विकासनगर,(वीअ)। सिंचाई विभाग के मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के कर्मचारियों ने आज जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। कर्मचारियों ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके संघर्ष एवं निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप सिंचाई खंड कालसी के अंतर्गत स्थापित उपखंड त्यूणी, चकराता एवं कोटी में कार्यरत मिनिस्ट्रियल कार्मिकों को पुन दुर्गम क्षेत्र का लाभ प्राप्त होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
ज्ञात हो कि मुख्य अभियंता, सिंचाई विभाग उत्तराखंड द्वारा जारी आदेश के अनुसार पूर्व में जारी 09 जून 2025 के आदेश को निरस्त करते हुए उपखंड त्यूणी, चकराता एवं कोटी में कार्यरत मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों की नियमित सेवाओं को पुन दुर्गम क्षेत्र के अंतर्गत शामिल किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी लगातार आवाज उठाते रहे। उनके द्वारा शासन एवं विभागीय अधिकारियों के समक्ष कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से रखा गया, जिसके परिणामस्वरूप कर्मचारियों को न्याय मिला है।