वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

ऑस्ट्रेलिया में पिच ब्लैक अभ्यास का हिस्सा बनेंगे राफेल

प्रकाशित: 19-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
ऑस्ट्रेलिया में पिच ब्लैक अभ्यास का हिस्सा बनेंगे राफेल
नई दिल्ली,(भाषा)। भारतीय वायु सेना के कई राफेल विमान ऑस्ट्रेलिया द्वारा 20 जुलाई से सात अगस्त तक आयोजित किए जाने वाले बड़े अंतरराष्ट्रीय हवाई अभ्यास पिच ब्लैक का हिस्सा होंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वायुसेना ने शुक्रवार को कहा कि इस अभ्यास से अभियानगत तालमेल बेहतर होगा और बेहतरीन तौर-तरीकों के आदान-प्रदान में मदद मिलेगी। रॉयल ऑस्ट्रेलियन एयर फोर्स (आरएएएफ) की वेबसाइट के अनुसार, पिच ब्लैक आरएएएफ का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय अभ्यास है। यह तीन हफ्ते तक डार्विन में दुनिया के सबसे बड़े सैन्य प्रशिक्षण इलाकों में से एक में होता है और इसमें लड़ाई जैसे मुश्किल हालात शामिल होते हैं। इसमें कहा गया कि इस अभ्यास के साथ-साथ, उत्तरी क्षेत्र के लोगों को एक बार फिर इसमें शामिल विमानों को हवा और जमीन पर देखने का मौका मिलेगा। साथ ही, उन्हें ब्रुनेई, कनाडा, फिजी, फिनलैंड, फ्रांस, भारत, इंडोनेशिया, जापान, मलेशिया, न्यूजीलैंड, पापुआ न्यू गिनी, फिलीपीन, कोरिया गणराज्य, सिंगापुर, स्पेन, स्वीडन, थाईलैंड, ब्रिटेन और अमेरिका के सैन्य कर्मियों से मिलने का भी अवसर मिलेगा।वायुसेना ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट किया, wभारतीय वायु सेना का दल अभ्यास पिच ब्लैक 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंच गया है।wवायुसेना ने अपने लड़ाकू विमानों और वायुसैनिकों की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए कहा, wदमदार राफेल उड़ाते हुए, वायुसेना मित्र देशों की वायु सेनाओं के साथ मिलकर प्रशिक्षण करेगी।
यह अभ्यास अभियानगत तालमेल को बेहतर बनाएगा और बेहतरीन तौर-तरीकों के आदान-प्रदान में मदद करेगा। तैयार। सक्षम। केंद्रित।