लंदन के साउथहॉल में चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में भारतीय व्यक्ति पर मामला दर्ज
प्रकाशित: 22-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लंदन, (भाषा)। पश्चिमी लंदन के उपनगर साउथॉल इलाके में 26 वर्ष के एक भारतीय युवक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में एक भारतीय नागरिक पर मामला दर्ज किया गया है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने यह जानकारी दी। पिछले हफ्ते गुरभेज सिंह की हत्या के संदेह में गिरफ्तार किए गए 20 साल के नवजोत सिंह पर हत्या, जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाने और खतरनाक हथियार रखने का आरोप लगाया गया है। दस जून की सुबह साउथॉल में नॉर्थ रोड पर डॉर्मर्स वेल्स लेन के जंक्शन के पास गुरभेज सिंह और 30-40 साल के एक और व्यक्ति पर हमला हुआ। दूसरे व्यक्ति का अस्पताल में इलाज किया गया और उसे अब छुट्टी दे दी गई है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि हमले के बाद लंदन एम्बुलेंस सर्विस से सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी अर्ध चिकित्सा कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। हालाँकि, मेडिकल कर्मचारियों की कोशिशों के बावजूद चाकू लगने से घायल गुरभेज सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। आरोपी नवजोत सिंह शुक्रवार को लंदन की वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट अदालत में पेश हुआ और उसे सोमवार को लंदन की ओल्ड बेली कोर्ट में पेश होने के लिए हिरासत में भेज दिया गया है। हत्या के शक में घटनास्थल से सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था जिनकी उम्र 20 से 35 साल के बीच थी।