वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 10 अगस्त तक 23 प्रतिशत बढ़कर 8.11 लाख करोड़ रुपए पर

प्रकाशित: 12-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली, (भाषा)। चालू वित्त वर्ष में 10 अगस्त तक शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह सालाना आधार पर 23.09 प्रतिशत बढ़कर 8.11 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। मंगलवार को आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, समीक्षाधीन अवधि में शुद्ध कॉरपोरेट कर संग्रह 19.83 प्रतिशत बढ़कर करीब 2.70 लाख करोड़ रुपये रहा। वहीं, व्यक्तिगत आयकर समेत गैर-कॉरपोरेट कर संग्रह 23 प्रतिशत बढ़कर 5.07 लाख करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान, प्रतिभूतियों के लेनदेन पर लगने वाले कर एसटीटी से राजस्व 51 प्रतिशत बढ़कर 33,824 करोड़ रुपये हो गया। एक अप्रैल से 10 अगस्त, 2026 के बीच 1.43 लाख करोड़ रुपये के कर रिफंड जारी किए गए, जो एक साल पहले की समान अवधि से 3.8 प्रतिशत अधिक है।