वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

रोहिणी सेक्टर-26 में 65 लाख की लागत से सीवर लाइन परियोजना का शिलान्यास

प्रकाशित: 20-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री तथा बवाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने आज रोहिणी सेक्टर-26 में लगभग ?65 लाख की लागत वाली सीवर लाइन परियोजना का शिलान्यास किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस परियोजना का निर्माण दिल्ली जल बोर्ड द्वारा कराया जा रहा है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में सीवर व्यवस्था सुदृढ़ होगी, गंदे पानी की समुचित निकासी सुनिश्चित होगी तथा जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। इसके साथ ही गंदे पानी के जमाव से होने वाली बीमारियों की आशंका भी काफी हद तक कम होगी। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने कहा कि इस परियोजना की लंबे समय से मांग की जा रही थी, जिसे आज दिल्ली सरकार ने पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि बवाना विधानसभा क्षेत्र में निरंतर हो रहे विकास कार्यों से क्षेत्र की तस्वीर तेजी से बदल रही है और लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार बवाना विधानसभा क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइनें बिछाई जा रही हैं, सड़कों का विस्तार और निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है, सीवर नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है तथा बड़े स्तर पर पौधारोपण भी किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक तक बेहतर आधारभूत सुविधाएं पहुंचाना है। माननीय मंत्री ने कहा कि दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों को भी आधुनिक शहरी क्षेत्रों के समान विकसित बनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में बवाना विधानसभा क्षेत्र विकास का एक नया मॉडल बनकर उभरेगा और लोगों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सीवर लाइन परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही सीवर एवं जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी तथा स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।