वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

सत्य निकेतन हादसा: घायलों का हाल जानने एम्स पहुंचीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा

प्रकाशित: 09-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने मंगलवार को एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर साउथ कैंपस स्थित सत्य निकेतन में हुए भवन हादसे से प्रभावित हुए छात्रों के परिजनों से एम्स में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने परिजनों से छात्रों के स्वास्थ्य और उपचार की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है। छात्रों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एम्स के चिकित्सकों से घायल छात्रों की स्थिति और उन्हें दिए जा रहे उपचार की विस्तृत जानकारी भी ली। चिकित्सकों ने मुख्यमंत्री को बताया कि गंभीर रूप से घायल छात्रों के उपचार के लिए डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति की निगरानी कर रही है । मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी घायल छात्रों को सर्वोत्तम संभव उपचार और हर आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि उपचार से जुड़ी किसी भी आवश्यकता में सरकार हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगी। उन्होंने घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और परिजनों से हिम्मत बनाए रखने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने परिजनों को यह भी बताया कि सत्य निकेतन हादसे के संबंध में कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। हादसे से संबंधित भवन के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता घायल बच्चों का जीवन बचाना और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। सरकार प्रभावित परिवारों के साथ लगातार संपर्क में है और उनकी आवश्यकताओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सख्त निर्देशों पर दिल्ली में पीजी होस्टलों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा तेज कर दी गई है। नगर निगम को अपने क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले सभी पीजी होस्टलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित जोन के अधिकारियों को भवन सुरक्षा, आवश्यक अनुमतियों, फायर सेफ्टी एनओसी, स्ट्रक्चरल स्टेबिलिटी सर्टिफिकेट और अन्य निर्धारित मानकों की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।