वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए दिल्ली विधानसभा के ऐतिहासिक द्वार आम नागरिकों के लिए खुलेंगे

प्रकाशित: 14-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली विधानसभा अपने ऐतिहासिक भवन एवं परिसर के द्वार 14 और 15 अगस्त 2026 को आम नागरिकों के लिए खोलेगी। नागरिक इन दोनों दिनों में शाम 5:00 बजे से रात 8:00 बजे तक विधानसभा परिसर में प्रवेश कर इसके गौरवशाली इतिहास, विरासत और लोकतांत्रिक परंपराओं से परिचित हो सकेंगे। इसके लिए किसी पूर्व पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान इतिहास, संस्कृति और जनभागीदारी का विशेष संगम देखने को मिलेगा। सीमा सुरक्षा बल बैंड एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल बैंड देशभक्ति से ओत-प्रोत संगीतमय प्रस्तुतियाँ देंगे। वहीं साहित्य कला परिषद द्वारा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं कलात्मक विरासत को प्रदर्शित करने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्पाम प्रस्तुत किए जाएंगे।
समारोह के अवसर पर ऐतिहासिक दिल्ली विधानसभा भवन को शाम के समय तिरंगे की रोशनी से विशेष रूप से सजाया और प्रकाशित किया जाएगा। इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा के माननीय अध्यक्ष श्री विजेन्द्र गुप्ता, माननीय उपाध्यक्ष श्री मोहन सिंह बिष्ट, विधानसभा के माननीय सदस्यगण तथा अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे। नागरिकों का विधानसभा में स्वागत करते हुए माननीय अध्यक्ष श्री विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और देशभक्तों के बलिदान को स्मरण करने का अवसर नहीं है, जिनके त्याग से देश को आजादी मिली, बल्कि यह अवसर नागरिकों को उन लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ने का भी है, जो हमारे गणराज्य को मजबूत आधार प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा के द्वार जनता के लिए खोलना इस मूल भावना का प्रतीक है कि लोकतांत्रिक संस्थाएँ अंतत उसी जनता की हैं, जिसकी सेवा के लिए उनका गठन हुआ है। आम नागरिकों को ऐतिहासिक विधानसभा भवन तथा परिसर में स्थित महत्वपूर्ण विरासत स्थलों को देखने और दिल्ली के विधायी एवं लोकतांत्रिक इतिहास में विधानसभा की भूमिका को समझने का अवसर मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं, संस्थाओं और उन संवैधानिक मूल्यों से जोड़ना है, जिन्होंने देश की लोकतांत्रिक यात्रा को दिशा प्रदान की है। बीएसएफ एवं सीआरपीएफ बैंड की देशभक्ति से परिपूर्ण प्रस्तुतियाँ तथा साहित्य कला परिषद के सांस्कृतिक कार्पाम समारोह में विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। इनके माध्यम से राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भारत की विविधतापूर्ण सांस्कृतिक विरासत को एक साथ प्रस्तुत किया जाएगा। यह आयोजन भारत की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक विविधता के गौरव को रेखांकित करेगा। दोनों दिनों में विधानसभा में प्रवेश के लिए पूर्व पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। आगंतुकों का प्रवेश शाम 5:00 बजे से निर्धारित सुरक्षा जांच के उपरांत किया जाएगा। विधानसभा परिसर में प्रवेश के लिए प्रत्येक आगंतुक को आधार कार्ड अथवा अन्य वैध पहचान-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। दिल्ली विधानसभा द्वारा आयोजित यह विशेष कार्पाम स्वतंत्रता दिवस को नागरिकों की लोकतांत्रिक संस्थाओं के साथ प्रत्यक्ष सहभागिता का अवसर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐतिहासिक विधानसभा भवन के द्वार आम जनता के लिए खोलकर नागरिकों को देश की लोकतांत्रिक विरासत से जोड़ने तथा संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं और राष्ट्रीय एकता के प्रति साझा जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।