वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

काले कपड़े पहनकर सदन में आने वाले अपने दिन भूल गए, लेकिन जनता इनके काले कारनामे नहीं भूली: नायब सिंह सैनी'

प्रकाशित: 11-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
चंडीगढ़, (पवन आश्री)। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि काले कपड़े पहनकर विधानसभा के पवित्र सदन में आने वाले कांग्रेस के नेता भले ही अपने शासनकाल में किए काले कारनामें भूल गए हों लेकिन जनता इनके शोषण और अत्याचार को नहीं भूली है। लोगों को आज भी याद है कि कांग्रेस की नीतियां जनहित की बजाय लोगों को प्रताड़ित करने वाली थीं। गरीबों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे, बुजुर्ग पेंशन के लिए भटकते थे, लोगों को गैस सिलेंडर लेने के लिए चार-चार दिन तक लाइनों में लगा रहना पड़ता था और युवाओं को नौकरियों के लिए भ्रष्ट व्यवस्था से जूझना पड़ता था। लेकिन पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकारों ने उस व्यवस्था को बदलकर योजनाओं और सेवाओं को सीधे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने यह बात बृहस्पतिवार को हरियाणा निवास में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में कही। उन्होंने हरियाणा व पंजाब की कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी को घेरते हुए उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर सवाल उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस ने राहुल गांधी के कहने पर काले कपड़े पहन लिए हैं तो अब राहुल गांधी को भी काले कपड़े पहन लेने चाहिए। कांग्रेस नेताओं, विशेषकर भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जनता को यह बताना चाहिए कि उनके शासनकाल में प्रदेश के गरीब, युवाओं, महिलाओं बुजुर्गों और आम आदमी के लिए क्या व्यवस्था थी। आज जिन प्रदेशों में भाजपा की सरकार है वहां की डबल इंजन सरकारें मोदीजी के सभी संकल्पों और जनता से किए वादों को समय से पहले पूरा कर रही हैं।
कांग्रेस ने घोषणाओं की टॉफियां बांटीं, हमने व्यवस्था बदलकर सीधे खाते में पहुंचाया लाभ: मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों की सरकारों में वोट हासिल करने के लिए घोषणाएं की जाती है, उनके लिए राजनीति किसी दुकानदारी की तरह है, लोगों को घोषणाओं की टॉफियां बांटों और सत्ता हासिल करो। लेकिन ये पार्टियां जब सत्ता में आ जाती हैं तो पांच साल के लिए घोषणाओं को भूल जाती हैं। फिर चुनाव के समय लोगों को बरगलाने के लिए नई घोषणाएं करने लग जाती हैं। लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस व्यवस्था को बदलने का काम हुआ है। आज सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की राशि सीधे पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचा रही है। श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जहां-जहां डबल इंजन की सरकार हैं, वहां गरीब को मजबूत करने, महिलाओं को सशक्त बनाने, बुजुर्गों को सम्मान से जीवन जीने और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।