वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

विजन-2047 के तहत आयुष सेवाओं के विस्तार पर सरकार का फोकस: सैनी

प्रकाशित: 08-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
चंडीगढ़, (पवन आश्री)। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक प्रदेश को स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है। इसी सोच के साथ आयुष सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि लोगों को आधुनिक चिकित्सा के साथ-साथ आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा का भी अधिक से अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार संकल्प पत्र और बजट में की गई घोषणाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री हरियाणा विजन-2047 के तहत हरियाणा सिविल सचिवालय में आयुष विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं, बजट घोषणाओं तथा संकल्प पत्र से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि 'हरियाणा स्वास्थ्य एवं पोषण (सुरक्षित आहार)' अभियान के माध्यम से प्रदेश में आयुर्वेद आधारित संतुलित एवं पौष्टिक आहार को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत 847 आयुष योग सहायकों, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों तथा संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
बैठक में संकल्प पत्र के तहत जींद और रेवाड़ी में राज्य स्तरीय हर्बल गार्डन स्थापित करने की योजना की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा प्रदेश की प्रत्येक योगशाला के साथ आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित करने की दिशा में हो रहे कार्यों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित करने की दिशा में कार्य लगातार जारी है। इसके साथ ही योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को आयुष प्रणाली के तहत मान्यता देने और उनके पंजीकरण से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए सर्विस रूल तैयार कर मंजूरी के लिए भेज दिए गए हैं और जल्द ही आवश्यक प्रािढया पूरी कर ली जाएगी।