वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

जन सेवा में संवेदनशीलता ही सुशासन की पहचान : मुख्यमंत्री यादव

प्रकाशित: 08-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
राम मोहन यादव
भोपाल। डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुभांरभ करते हुए छिंदवाड़ा जिले के कलेक्ट्रेट में आमजन की समस्याओं को सुना। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतों की आवेदकों की उपस्थिति में एक-एक कर समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। समीक्षा के दौरान जिन प्रकरणों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई, उन पर उन्होंने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराते हुए योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने बैठक में विभागवार समीक्षा करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राजस्व, नल-जल, ऊर्जा, पुलिस सहित सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिकायत करने की नौबत नहीं आनी चाहिए। प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी, संवेदनशील एवं जवाबदेह तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
डॉ. यादव ने ड्रॉप-आउट बच्चों को पुन विद्यालयों में प्रवेश दिलाने, सभी शिक्षकों की शत-प्रतिशत ई-अटेंडेंस सुनिश्चित करने तथा सायबर अपराधों की रोकथाम एवं प्रभावितों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण ही सुशासन की सबसे बड़ी पहचान है तथा प्रत्येक अधिकारी को जनसेवा के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह कार्यशैली अपनानी होगी।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में मीना बंजारा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। समीक्षा में पाया गया कि परासिया तहसील के संबंधित पटवारी द्वारा गलत प्रतिवेदन प्रस्तुत किए जाने के कारण आवेदिका योजना के लाभ से वंचित रही। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीर मानते हुए परासिया तहसील के संबंधित पटवारी एवं तहसीलदार को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता के माध्यम से आवेदिका को एक वर्ष की सहायता राशि प्रदान करने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री को श्रीमती सीमा तुमराम ने बताया कि उन्होंने प्रसूति सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायत की थीं। जांच में सामने आया कि पोर्टल पर दर्ज त्रुटिपूर्ण जानकारी के कारण उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल सका। इसे विभागीय लापरवाही मानते हुए संबंधित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी छिन्दवाड़ा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। श्रीमती मानवती वर्मा ने बताया कि वर्ष 2022 में पति श्री संतोष वर्मा की मृत्यु के बाद उन्हें पात्रता अनुसार मुख्यमंत्री संबल योजना अंतर्गत अंत्येष्टि एवं अनुग्रह सहायता राशि नहीं मिली, जिसकी उन्होंने सीएम हेल्पलाईन में शिकायत दर्ज कराई थीं। मुख्यमंत्री ने प्रकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चौरई तथा श्रम अधिकारी की एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
गोविंद नायक ने बताया कि उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में भू-अभिलेख दुरुस्तीकरण से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की। समीक्षा में पाया गया कि एसडीएम द्वारा आदेश जारी किए जाने के बावजूद अभिलेखों में सुधार नहीं किया गया।
मुख्यमंत्री ने एसडीएम चौरई, संबंधित तहसीलदार एवं पटवारी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। मनोहर सिंह ने बताया कि उन्होंने अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त होने वाली आर्थिक सहायता नहीं मिलने की शिकायत की थी। समीक्षा के दौरान बताया गया कि बैंक खाते की लेनदेन सीमा कम होने के कारण सहायता राशि का भुगतान नहीं हो पा रहा था।
आवेदक का बैंक खाता सीहोर जिले में संचालित था, इसलिए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई कर भुगतान सुनिश्चित किया जा चुका है।
वाशम शेट्टी ने ब्लूबेरी की खेती के अपने सफल प्रयोग की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में ब्लूबेरी का उत्पादन शुरू किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मां नर्मदा की कृपा से मध्यप्रदेश की भूमि अत्यंत उपजाऊ है। ब्लूबेरी जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों का विस्तार प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी किया जाना चाहिए, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।
राजेन्द्र रमेश धारे ने प्राकृतिक खेती के अपने मॉडल की जानकारी देते हुए बताया कि वे विभिन्न किस्मों की हल्दी सहित अनेक फसलों की प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों की लागत कम कर उनकी आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रही है।
मुख्यमंत्री को ‘नमो ड्रोन दीदी' लक्ष्मी धागरे ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष लगभग 300 एकड़ क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से फसलों का छिड़काव किया, जिससे उन्हें करीब डेढ़ लाख रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि शासन से ड्रोन पर सब्सिडी मिली और आजीविका मिशन ने उनके जीवन को नई दिशा दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आधुनिक तकनीक अपनाकर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं, यह अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।
मुख्यमंत्री को संवाद के दौरान मेधावी छात्रा आभा शर्मा ने बताया कि उन्होंने कक्षा 10वीं की परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता मजदूरी करते हैं और उनका लक्ष्य चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनना है। मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा, "ञ्श्च्द्व, निश्चिंत होकर पढ़ाई करो। सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ खड़ी है। पूरी लगन और मेहनत से अपने सपनों को साकार करो।