हरियाणा में 17 आईएएस और 8 एचसीएस अधिकारियों का तबादला
प्रकाशित: 09-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
चंडीगढ़, (पवन आश्री)। हरियाणा सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए तत्काल प्रभाव से 17 आईएएस एवं 8 एचसीएस अधिकारियों के तबादला एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी आदेशों के अनुसार श्रीमती जी. अनुपमा, जो वर्तमान में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग और नागरिक उड्डयन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं, को युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। श्री सी.जी. रजनी कांथन, जिनके पास वर्तमान में वित्त विभाग के आयुक्त एवं सचिव, केंद्रीय परीक्षा समिति के सचिव तथा खान एवं भूविज्ञान विभाग के आयुक्त एवं सचिव का कार्यभार है, अब चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के आयुक्त एवं सचिव भी होंगे। श्री के. मकरंद पांडुरंग, जो वर्तमान में पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, खान एवं भूविज्ञान विभाग, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग तथा कला एवं सांस्कृतिक मामले विभाग के महानिदेशक एवं सचिव हैं, को सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग तथा खान एवं भूविज्ञान विभाग का आयुक्त एवं सचिव और पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। श्री दुष्मंता कुमार बेहरा, जो वर्तमान में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव हैं, को मानव संसाधन विभाग तथा सामान्य प्रशासन विभाग का आयुक्त एवं सचिव नियुक्त किया गया है। श्री राजीव रंजन, जो वर्तमान में करनाल मंडल के आयुक्त हैं, को कार्मिक, प्रशिक्षण एवं संसदीय मामले विभाग का सचिव, निदेशक प्रशिक्षण (पदेन), जांच अधिकारी, सतर्कता तथा हरियाणा आपूर्ति एवं निपटान विभाग का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। श्री पंकज, जो वर्तमान में कार्मिक, प्रशिक्षण एवं संसदीय कार्य विभाग के सचिव, निदेशक प्रशिक्षण (पदेन), जांच अधिकारी, सतर्कता तथा हरियाणा आपूर्ति एवं निपटान विभाग के महानिदेशक हैं, को हरियाणा लोक सेवा आयोग का सचिव तथा हरियाणा विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (एचपीजीसीएल) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। श्री प्रभजोत सिंह, जो पर्यावरण विभाग के महानिदेशक तथा पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग के सचिव हैं, को परिवहन आयुक्त, हरियाणा तथा परिवहन विभाग के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
श्रीमती हेमा शर्मा, जो वर्तमान में हरियाणा की चीफ सैटलमेंट कमिश्नर तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव हैं, को करनाल मंडल का आयुक्त लगाया गया है।
श्रीमती हेमा शर्मा, जो वर्तमान में हरियाणा की चीफ सैटलमेंट कमिश्नर तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव हैं, को करनाल मंडल का आयुक्त लगाया गया है।