वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

मुख्य सचिव ने हेल्थसिटी विस्तार सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर के द्वितीय स्थापना दिवस समारोह को संबोधित किया

प्रकाशित: 09-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ,(वीअ)। मुख्य सचिव श्री एस.पी. गोयल ने आज गोमती नगर विस्तार स्थित हेल्थसिटी विस्तार सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर के द्वितीय स्थापना दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य सचिव ने अस्पताल के सफलतापूर्वक दो वर्ष पूर्ण होने पर प्रबंधन एवं पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा बड़ी संख्या में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मरीजों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप नई सुपरस्पेशियलिटी सेवाओं तथा अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों को निरंतर शामिल किया जाना सराहनीय है। मुख्य सचिव ने कहा कि विगत वर्षों में उत्तर प्रदेश में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। लखनऊ में मेडिकल टूरिज्म के विकास की अपार संभावनाएं हैं। शहर में सार्वजनिक क्षेत्र में संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान तथा किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान उपलब्ध हैं। इसके साथ ही निजी क्षेत्र में भी अनेक उत्कृष्ट एवं अत्याधुनिक अस्पताल तथा चिकित्सा सुविधाएं विकसित हुई हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ को देश-विदेश के मरीजों के लिए एक प्रमुख मेडिकल टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के लिए सभी संबंधित संस्थानों एवं हितधारकों को मिलकर एक समन्वित रणनीति तैयार करने की आवश्यकता है। विशेष रूप से खाड़ी देशों, दक्षिण एशिया तथा अन्य देशों से मरीजों को लखनऊ की ओर आकर्षित करने के लिए संगठित एवं सुनियोजित प्रयास किए जा सकते हैं।
मुख्य सचिव ने कहा कि इसके लिए अस्पतालों, होटल एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र, ट्रैवल एजेंसियों, संबंधित सरकारी विभागों तथा अन्य सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर प्रभावी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए। ऐसी व्यवस्था हो, जिसके माध्यम से विदेशी मरीजों को वीजा संबंधी आवश्यकताओं, यात्रा एवं आवास, अस्पताल में भर्ती, सर्जरी एवं उपचार, स्थानीय परिवहन तथा उपचार के बाद की आवश्यक सेवाओं में समुचित सहायता उपलब्ध हो सके। इससे विदेशी मरीजों के लिए उपचार की पूरी प्रािढया सरल, सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुव्यवस्थित बनाई जा सकेगी।