वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

पुणे के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से लीक हुई क्लोरीन गैस, 24 घायल अस्पताल में भर्ती

प्रकाशित: 30-04-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
पुणे के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से लीक हुई क्लोरीन गैस, 24 घायल अस्पताल में भर्ती
महाराष्ट्र के पुणे से गुरुवार देर रात को एक बड़ी घटना हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. यहां बंद पड़े एक वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में गैस लीक हो गई, जिस वजह से 22 स्थानीय लोग और दो बचाव करने आए फायर ब्रिगेड के कर्मियों को सांस लेने में समस्या हुई. सभी 24 घायल अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है. घटना पुणे के कोंढावा इलाके की है.
दमकल अधिकारियों के अनुसार, कोंढवा के गंगाधाम इलाके में बंद पड़े एक वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के गोदाम से ये गैस रिसाव हुई है. रात में करीब एक बजे क्लोरीन से भरे एक पुराने टैंक से गैस लीक हुई. गैस जैसे ही इलाके में फैली, वैसे ही लोगों को सांस लेने में पेरशानी होना शुरू हो गई. इलाके में हड़कंप मच गया. लोगों ने घबराकर पुलिस और फायर ब्रिगेड को फोन किया और पूरी जानकारी दी.
बड़ी जद्दोजहद के बाद स्थिति पर पाया काबू
रिसाव की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस कर्मचारी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए. फायर अधिकारी ने बताया कि आते ही हमने राहत-बचाव का काम शुरू कर दिया. सेफ्टी इक्विपमेंट्स की मदद से हमारे कर्मियों ने लीक हो रहे टैंक को बंद किया और जद्दोजहद के बाद स्थिति पर काबू पाया. कई लोगों की तबियत भी बिगड़ गई है. कुल 22 स्थानीय निवासियों और दो फायर कर्मचारियों को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिस वजह से सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
पुणे में किस वजह से लीक हुई गैस
अधिकारियों ने बताया कि सभी प्रभावितों की हालत अब खतरे से बाहर है. ससून जनरल अस्पताल में वे निगरानी में है. जानकारी के अनुसार, जिस व्यक्ति ने पहले इस प्लांट को चलाया था, उसने प्लांट को तो हटा दिया था लेकिन क्लोरीन वाला टैंक वहीं रह गया. टैंक की देखरेख नहीं हो रही थी. जांच में सामने आया कि इस लापरवाही के कारण टैंक में लीकेज हुआ और ये हादसा हो गया.