वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

यात्री से हाइड्रोपोनिक वीड बरामद

प्रकाशित: 25-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली , (वीअ)। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमाशुल्क अधिकारियों ने बैंकॉक से पहुंचे एक यात्री से 19.5 किलोग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड बरामद करने के बाद उसे स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ़्तार कर लिया। हाइड्रोपोनिक वीड गांजे की तेज असर वाली किस्म है, जिसे मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर पानी में उगाया जाता है।आधिकारिक बयान के अनुसार, 22 जुलाई को यहां पहुंचे इस यात्री को पूर्व यात्री सूचना प्रणाली (एपीआईएस) विवरणिका के आधार पर सीमाशुल्क ग्रीन चैनल पार करने के बाद विमान खुफिया इकाई (एआईयू) ने पकड़ा।
बयान में कहा गया कि यात्री के सामान की एक्स-रे जांच के दौरान कुछ संदिग्ध तस्वीरें दिखाई दीं।
इसमें कहा गया, यात्री के सामान से हरे रंग के पदार्थ से भरे पांच सीलबंद पैकेट मिले, जिनके हाइड्रोपोनिक वीड होने का संदेह है। इनका कुल वजन 19,595 ग्राम (पैकिंग सामग्री सहित) है।
बयान के अनुसार, यात्री को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 की धारा 43(बी) के तहत गिरफ़्तार कर लिया गया।
इसमें कहा गया कि एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 43(ए) के तहत संबंधित पदार्थ को जब्त कर लिया गया है।