वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

दो युवकों ने लोकभवन के सामने आत्मदाह का किया प्रयास, सुरक्षाकर्मियों ने बचाया

प्रकाशित: 25-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ,(वीअ)। पावार को लोकभवन के गेट नंबर-9 के सामने उस समय हड़कंप मच गया, जब दुबग्गा निवासी राम गणेश और सतीश कुमार गौतम ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि सचिवालय में तैनात सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से दोनों युवकों को समय रहते पकड़ लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवकों का आरोप है कि उनकी जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। उनका कहना है कि इस संबंध में उन्होंने कई स्तरों पर शिकायत की, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। कार्रवाई न होने से आहत होकर दोनों युवक पावार को लोकभवन पहुंचे और गेट नंबर-9 के सामने आत्मदाह का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। युवकों द्वारा लगाए गए जमीन पर कब्जे के आरोपों की भी पड़ताल की जाएगी।
घटना के दौरान लोकभवन के बाहर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से दोनों युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया और स्थिति को जल्द ही सामान्य कर लिया गया।