वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए राजनाथ से हस्तक्षेप का अनुरोध किया: के संगमा

प्रकाशित: 22-06-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
शिलांग, (भाषा)। मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने रविवार को कहा कि उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिलांग हवाई अड्डे के विस्तार और भारत-बांग्लादेश सीमा से लगे क्षेत्रों में रणनीतिक रूप से अहम सड़क संपर्क समेत राज्य की प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।
संगमा ने कहा कि कई परियोजनाओं के लिए सशस्त्र बलों के सहयोग की आवश्यकता है।उन्होंने यहां निकटवर्ती अपर शिलांग स्थित एडवांस्ड लैंडिंग ग्राउंड में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से कहा, हमने रक्षा मंत्री से इन लक्ष्यों को हासिल करने में राज्य सरकार की मदद करने का अनुरोध किया है। संगमा ने कहा कि शिलांग हवाई अड्डे के विस्तार के लिए राज्य को रक्षा मंत्रालय से पूरा सहयोग मिल रहा है और रक्षा मंत्री ने शहर में रिलबोंग-बारिक प्वाइंट मार्ग को चार लेन का बनाने के प्रस्ताव का भी समर्थन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने दक्षिण-पश्चिम खासी हिल्स जिले के रानीकोर और पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले के रताचेरा के बीच संपर्क सुविधा बेहतर बनाने का मुद्दा भी उ"ाया। उन्होंने इसे रणनीतिक महत्व वाली भारत-बांग्लादेश सीमा के निकट सड़क संपर्क की एक महत्वपूर्ण अधूरी कड़ी बताया।उन्होंने कहा, हम बांग्लादेश के साथ बहुत लंबी और महत्वपूर्ण सीमा साझा करते हैं। रानीकोर से डालू तक सड़क संपर्क पहले ही स्थापित किया जा चुका है।
संगमा ने कहा कि यह गलियारा अंतत: राष्ट्रीय राजमार्ग 217 और राष्ट्रीय राजमार्ग 127बी के जरिये फूलबाड़ी-धुबरी पुल से जुड़ेगा तथा सिलचर की ओर एक महत्वपूर्ण मार्ग तैयार करेगा।उन्होंने कहा, रताचेरा-रानीकोर मार्ग में एक हिस्सा अभी नहीं जुड़ा है। हमने रक्षा मंत्रालय से इसे केवल आर्थिक या असैन्य उद्देश्यों के लिए ही नहीं बल्कि देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी रणनीतिक सड़क घोषित करने का अनुरोध किया है।
संगमा ने कहा कि राजनाथ सिंह ने प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
मुख्यमंत्री ने कहा, मैंने रक्षा मंत्री से इसे रणनीतिक रूप से अहम सड़क घोषित करने पर विचार करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले पर गौर करेंगे।