वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

पंजाब सरकार ने 2.45 लाख आश्रित एवं अनाथ बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए 181.23 करोड़ रुपए जारी किए: डॉ. बलजीत कौर

प्रकाशित: 30-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
चंडीगढ़, (पवन आश्री)। पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है। इसी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए आश्रित एवं अनाथ बच्चों को सुरक्षित बचपन, बेहतर शिक्षा और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। यह प्रगटावा सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने किया। डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान इस योजना के लिए पंजाब सरकार द्वारा 432.38 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। इसमें से अब तक 181.23 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं, ताकि आश्रित एवं अनाथ बच्चों को बिना किसी रुकावट के समय पर वित्तीय सहायता मिलती रहे और उनका भविष्य और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत राज्य के करीब 2.45 लाख आश्रित एवं अनाथ बच्चों को नियमित वित्तीय सहायता दी जा रही है। यह सहायता उनकी पढ़ाई, रोजमर्रा की जरूरतों और बेहतर भविष्य के लिए मजबूत आधार बन रही है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि आश्रित एवं अनाथ बच्चे केवल सरकारी आंकड़े नहीं, बल्कि हमारे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी हैं। उन्होंने कहा कि मान सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी बच्चा गरीबी, मजबूरी, उपेक्षा या माता-पिता के सहारे से वंचित होने के कारण अपनी पढ़ाई या अपने सपनों के साथ समझौता न करे।