वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

‘नेशनल स्पोर्ट्स डे' पर छात्रों ने दिखाई अभूतपूर्व खेल प्रतिभा

प्रकाशित: 30-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ,(वीअ)। सिटी मोंटेसरी स्कूल, गोमती नगर एक्स्टेंशन कैंपस द्वारा 'नेशनल स्पोर्ट्स डे' के अवसर पर भव्य खेल समारोह 'इग्निस-2026' का आयोजन आज विद्यालय के खेल प्रांगण में हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्री-प्राइमरी एवं प्राइमरी छात्रों ने विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया एवं चुस्ती-फुर्ती से परिपूर्ण फिजिकल फिटनेस एक्टिविटी द्वारा इंडिया फिट एंड यंग का संदेश दिया। इससे पहले, मुख्य अतिथि श्री अशोक बांबी (पूर्व रणजी ट्रॉफी ािढकेटर) ने ध्वजारोहण एवं मशाल प्रज्वलित कर खेल समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री अशोक बांबी ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं छात्रों में राष्ट्रप्रेम एवं खेल भावना को बढ़ावा देती हैं और उन्हें समाज का आदर्श नागरिक बनाती हैं। उन्होंने छात्रों में अनुशासन, टीमवर्क, आत्मविश्वास एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों ने मार्च-पास्ट की शानदार प्रस्तुति से संपूर्ण वातावरण को जोश एवं उत्साह से भर दिया।
खेल समारोह का शुभारंभ स्कूल प्रार्थना से प्रारंभ हुआ एवं इसके उपरांत खेल की विभिन्न प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक पदकों की जबरदस्त होड़ रही और छात्रों ने अपनी शक्ति, दम-खम, प्रतिभा व क्षमता का भरपूर प्रदर्शन किया। इन खेल प्रतियोगिताओं में मोंटेसरी के छात्रों ने 'बर्थडे डैश एंड पॉप रेस', नर्सरी के छात्रों ने 'वॉबल वॉक', केजी के छात्रों ने 'कैच एंड डैश' एवं 'पार्सल पर्स्यूट', कक्षा 1 के छात्रों ने 'हर्डल रेस' एवं 'थ्री-लेग्ड रेस' तथा कक्षा 2 के छात्रों ने 'पैक योर बैग्स' एवं 'ड्रेस-अप रेस' प्रतियोगिताओं में अपनी खेल प्रतिभा का गजब का प्रदर्शन किया।
समारोह का विशेष आकर्षण प्री-प्राइमरी छात्रों द्वारा प्रस्तुत ड्रिल प्रदर्शन रहा, जिसमें नन्हें प्रतिभागियों ने शानदार तालमेल, अनुशासन एवं रंग-बिरंगी आकृतियों के माध्यम से मनमोहक प्रस्तुति दी। समारोह के अंत में, खेल स्पर्धाओं में विजयी छात्रों को सर्टिफिकेट, मेडल व शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। सीएमएस गोमती नगर एक्स्टेंशन कैंपस की प्रधानाचार्या श्रीमती अनुपमा चेकर ने इस अवसर पर कहा कि छात्रों के बौद्धिक विकास के लिए शारीरिक विकास का होना अति आवश्यक है और यह खेलों द्वारा ही संभव है।