वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

पत्रकारों के सवालों पर अखिलेश गाली-गलौच व हाथापाई पर उतारू हो जाते हैं: योगी

प्रकाशित: 30-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
देवरिया,(वीअ)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सलेमपुर और भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र के लिए 305 करोड़ रुपये की 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के ‘बबुआ' दोपहर 12 बजे सोकर उठते हैं, इसलिए उनका दिमाग भारी रहता है और वे झुंझलाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्रकारों के सवालों पर अखिलेश यादव गाली-गलौच और हाथापाई पर उतारू हो जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने सुना है कि एक बार सच्चाई बताने पर अखिलेश यादव ने एक पत्रकार के गले पर तलवार रख दी थी। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और सरकार या प्रशासन की गलतियों को सामने लाना उसका दायित्व है। योगी ने सपा को ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी' बताते हुए कहा कि इसमें एक ही परिवार के लोग शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान लखनऊ स्थित जेपीएनआईसी की शुरुआती लागत करीब 200 करोड़ रुपये थी, लेकिन इस पर 864 करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी परियोजना अधूरी रही। उन्होंने इसे जनता के पैसे की बर्बादी बताते हुए सपा पर सरकारी खजाने के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
एक लाख युवाओं को जल्द मिलेगी सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नौकरियों की कमी नहीं है। जल्द ही करीब एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की प्रािढया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 45 हजार होमगार्ड और 36 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी, जिसमें चार हजार उपनिरीक्षक भी शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों में 30 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यूपीटीईटी में उत्तीर्ण 13 लाख युवाओं की भर्ती का अधियाचन जा चुका है और जल्द ही विज्ञापन जारी किया जाएगा। सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और तकनीकी संसाधनों से जोड़ने की दिशा में भी काम कर रही है।
इंसेफेलाइटिस पर सपा-कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस से हुई मौतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि करीब 40 वर्षों में 50 हजार मासूमों की जान गई, लेकिन तत्कालीन सपा और कांग्रेस सरकारों ने गरीब परिवारों की सुध नहीं ली। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण किया है और अब पूर्वांचल में माता-पिता को अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर पहले जैसी चिंता नहीं करनी पड़ती। योगी ने कहा कि प्रदेश में अब गरीबों को मुफ्त राशन, बिजली, आवास और शौचालय जैसी सुविधाएं मिल रही हैं तथा युवाओं को रोजगार और सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सपा पर तुष्टिकरण और कानून-व्यवस्था को लेकर हमला
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सपा सरकार में माफिया समानांतर सत्ता चलाते थे और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लोगों में भय रहता था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में माफिया पर प्रभावी कार्रवाई हुई है और कानून-व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने सपा पर मंदिरों के विकास की धनराशि को कब्रिस्तानों पर खर्च करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार धार्मिक स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण के साथ-साथ सभी वर्गों के विकास पर काम कर रही है।
सबकी समस्या का समाधान सरकार की प्रतिबद्धता: मुख्यमंत्री
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिना भेदभाव, हर व्यक्ति की समस्या का समाधान कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता और शीघ्रता से किया जाए। उन्होंने हर पात्र व्यक्ति को जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने और जमीन कब्जाने वाले भू माफिया व दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन कार्पाम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 200 लोगों से मिले। कुर्सियों पर बैठे लोगों तक वह खुद गए। उनकी समस्याओं व शिकायतों को ध्यान से सुना। सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ लोगों को भरोसा दिलाया कि हर पीड़ित की समस्या का पारदर्शी समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। जनता दर्शन में हर बार की तरह कुछ लोग गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे। इन लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्च स्तरीय इलाज का एस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए, सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी। सीएम ने राजस्व और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में शीघ्रता से निस्तारण के निर्देश दिए। जनता दर्शन में कुछ लोग पारिवारिक विवादों के मामले भी लेकर आए थे। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पारिवारिक विवादों में सर्वप्रथम सबंधित पक्षों के बीच संवाद कराने की पहल की जाए।