वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज में काजल को स्वर्ण, अंतिम और नेहा को रजत पदक मिला

प्रकाशित: 20-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
बुडापेस्ट, (भाषा)। मौजूदा अंडर-20 विश्व चैंपियन काजल ने बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज कुश्ती टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 76 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
स्वर्ण पदक के लिए हुए रोमांचक मुकाबले में अमेरिका की डाइमंड प्रेशियस गिलफोर्ड का सामना करते हुए युवा भारतीय पहलवान काजल ने दबाव के बावजूद बहुत समझदारी और संयम दिखाया। यह कड़ा मुकाबला 3-3 की बराबरी पर खत्म हुआ लेकिन काजल ने क्राइटेरिया के आधार पर चैंपियनशिप जीती जिससे भारत को टूर्नामेंट का तीसरा स्वर्ण पदक मिला। भारत ने 53 किग्रा और 57 किग्रा वर्ग में दो रजत पदक अपने नाम किए। अंतिम पंघाल को 53 किग्रा चैंपियनशिप के फाइनल में चोट (वीआईएन) के कारण स्वीडन की एम्मा जोना डेनिस माल्मग्रीन के खिलाफ स्वर्ण पदक का मुकाबला हारने के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं 57 किग्रा वर्ग में नेहा शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई लेकिन फाइनल में चीन की केक्सिन होंग के खिलाफ 0-4 से हार गईं और दूसरे स्थान पर रहीं। भारत ने 53 किग्रा वर्ग में एक और पदक हासिल किया जब निशु ने कड़े मुकाबले के बाद कांस्य पदक जीता। रोमानिया की एंड्रिया बीट^िस एना के खिलाफ रणनीतिक रूप से कड़े मुकाबले में निशु ने जबरदस्त डिफेंस दिखाया।
मुकाबला 2-2 से बराबरी पर खत्म हुआ लेकिन भारतीय पहलवान को क्राइटेरिया के आधार पर विजेता घोषित किया गया और उन्होंने पोडियम पर जगह पक्की की।
भारत ने अब तक टूर्नामेंट में कुल 12 पदक जीत लिए हैं जिनमें तीन स्वर्ण, चार रजत और पांच कांस्य पदक शामिल हैं।
भारतीय खिलाड़ी अब ग्रीको रोमन शैली में हिस्सा लेंगे।