वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

शेयर बाजार में लगातार पांचवें दिन गिरावट, सेंसेक्स 332 अंक फिसला

प्रकाशित: 25-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
मुंबई, (भाषा)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका के नए व्यापार शुल्क से उपजी चिंताओं के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार लगातार पांचवें सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 332 अंक गिर गया जबकि निफ्टी 102 अंक नुकसान में रहा।
विश्लेषकों के मुताबिक, कच्चे तेल के दाम में मजबूती कायम रहने, विदेशी संस्थागत निवेशकों की निकासी और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में बिकवाली से धारणा नकारात्मक रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 331.62 अंक यानी 0.43 प्रतिशत गिरकर 76,059.77 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय 916.96 अंक यानी 1.20 प्रतिशत लुढ़ककर 75,474.43 तक गिर गया था। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 102.15 अंक यानी 0.43 प्रतिशत फिसलकर 23,767.45 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स और इन्फोसिस प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं। दूसरी तरफ, एचसीएल टेक, आईटीसी, एक्सिस बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्" उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, घरेलू बाजार में कारोबार उतार-चढ़ाव से भरा रहा और लगातार पांचवें दिन गिरकर बंद हुआ। कुछ बड़ी कंपनियों के नतीजे अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहने और वैश्विक तनाव से जुड़ी चिंताओं के कारण निवेशक धारणा कमजोर रही। इसमें कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने भी अहम भूमिका निभाई।