वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

सूचीबद्ध रीट के कुल कार्यालय स्थल में बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई की 62 प्रतिशत हिस्सेदारी

प्रकाशित: 09-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली, (भाषा)। सूचीबद्ध रियल एस्टेट इनवेस्टमेंट ट्रस्ट (रीट) के स्वामित्व वाले कुल कार्यालय स्थल में बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई की हिस्सेदारी 62 प्रतिशत है। उद्योग मंडल एसोचैम और नाइट फ्रैंक की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। उद्योग मंडल एसोचैम और संपत्ति सलाहकार नाइट फ्रैंक इंडिया ने मंगलवार को जारी एक रिपोर्ट में रियल एस्टेट संपत्तियों में पूंजी के मौद्रीकरण, एकत्रीकरण और पुनर्पाण के साधन के रूप में रीट की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। रिपोर्ट के अनुसार, इस साल जून तक भारत के आठ प्रमुख शहरों में कुल 1,054.6 करोड़ वर्ग फुट कार्यालय स्थल था, जिसमें से 16.7 करोड़ वर्ग फुट सूचीबद्ध रीट के पास है। रीट के इस कार्यालय पोर्टफोलियो में से 10.35 करोड़ वर्ग फुट कार्यक्षेत्र तीन दक्षिणी शहरों - बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई में हैं। प्रमुख कार्यालय बाजारों में बेंगलुरु में रीट की पैठ सबसे अधिक है। इसके बाद हैदराबाद और मुंबई का स्थान है।