वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

मनोज कुमार द्विवेदी ने एनडीएमसी के अध्यक्ष का पदभार संभाला

प्रकाशित: 08-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वर्ष 1997 बैच के एजीएमयूटी (अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम एवं केंद्र शासित प्रदेश) कैडर के वरिष्ठ अधिकारी श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने आज नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया।
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद, श्री द्विवेदी ने पालिका परिषद के सभी विभागाध्यक्षों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक परिचय बैठक की। बैठक में उन्होंने परिषद द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों, प्रमुख पहलों तथा प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने नागरिक सुविधाओं एवं सार्वजनिक सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए समन्वित प्रयासों, प्रभावी सेवा वितरण तथा नागरिक-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने श्री केशव चंद्रा का स्थान लिया है, जिन्हें भारत सरकार के कोयला मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। श्री केशव चंद्रा ने नवंबर 2024 से जुलाई 2026 तक एनडीएमसी के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। उनके कार्यकाल के दौरान परिषद ने शहरी प्रशासन, सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, डिजिटल परिवर्तन तथा नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल कीं। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष का पदभार संभालने से पूर्व श्री मनोज कुमार द्विवेदी भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डी ओ पी टी ) में अपर सचिव (स्थापना) के पद पर कार्यरत थे। इससे पूर्व उन्होंने भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वाणिज्य विभाग में अपर सचिव के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं है। हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुरोध पर उन्हें केंद्र में प्रतिनियुक्ति से उनके मूल एजीएमयूटी कैडर में वापस भेजा गया। 09 जुलाई 1972 को जन्मे श्री द्विवेदी ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान , दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी की डिग्री प्राप्त की है। वे डिकोड लाइफ़ नाम की किताब के लेखक भी हैं। यह किताब ज़िंदगी के कोड को समझने और हर ज़िंदगी में छिपी असली क्षमता को बाहर लाने के लिए एक स्टेप-बाय-स्टेप गाइड है। लगभग तीन दशकों के अपने विशिष्ट प्रशासनिक करियर के दौरान श्री द्विवेदी ने पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर कैडर में कई महत्वपूर्ण एवं चुनौतीपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उन्होंने विभिन्न जिलों में जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) के रूप में सेवाएं देने के साथ-साथ प्रधान सचिव तथा आयुक्त एवं सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य किया और शासन, लोक प्रशासन तथा विकासात्मक पहलों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के प्रधान सचिव, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में संयुक्त सचिव तथा लेह, राजौरी और जम्मू के उपायुक्त ( डिप्टी कमिश्नर ) सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर कार्य किया है। जम्मू-कश्मीर और केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में संस्थागत एवं प्रशासनिक व्यवस्था के पांमण काल के दौरान श्री द्विवेदी ने प्रशासनिक एवं विनियामक समन्वय में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान उन्होंने जटिल प्रशासनिक सुधारों के प्रबंधन में अपनी उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता, दूरदर्शिता और नेतृत्व कौशल का परिचय दिया।
लोक प्रशासन, संस्थागत सुधार, कार्मिक प्रबंधन तथा नीतियों के प्रभावी ािढयान्वयन के क्षेत्र में अपने व्यापक अनुभव के साथ श्री मनोज कुमार द्विवेदी पालिका परिषद में समृद्ध प्रशासनिक विशेषज्ञता और दूरदर्शी नेतृत्व का व्यापक अनुभव लेकर आए हैं। उनकी नियुक्ति से एनडीएमसी के सतत शहरी विकास, स्मार्ट प्रशासन, बेहतर नागरिक सेवाओं तथा पालिका परिषद क्षेत्र में निवासियों एवं आगंतुकों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार के प्रयासों को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद, श्री मनोज कुमार द्विवेदी का हार्दिक स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व में नवाचार, उत्कृष्टता तथा नागरिक-केंद्रित प्रशासन के एक नए अध्याय की दिशा में आगे बढ़ने के लिए तत्पर है।