वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

स्थानीय नागरिकों के साथ आत्मीयता से मनाया महापौर प्रवेश वाही ने अपना जन्मदिन

प्रकाशित: 18-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली के महापौर श्री प्रवेश वाही ने आज अपने जन्मदिन के अवसर पर स्थानीय नागरिकों के साथ आत्मीय वातावरण में समय बिताते हुए अपना जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएँ, युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और उन्होंने महापौर को पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी।
इस अवसर पर महापौर श्री प्रवेश वाही ने सभी नागरिकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जनता से जो स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद प्राप्त हुआ है, वही उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने कहा कि यह प्रेम उन्हें जनसेवा के पथ पर और अधिक समर्पण एवं ऊर्जा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। महापौर ने कहा, दिल्ली की जनता का विश्वास और स्नेह मेरे लिए अमूल्य है। मैं अपने जन्मदिन पर यही संकल्प दोहराता हूँ कि दिल्ली के प्रत्येक नागरिक को बेहतर नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने, राजधानी को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहूँगा। जनसेवा ही मेरे जीवन का सर्वोच्च दायित्व है। जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस कार्पाम के पश्चात महापौर श्री प्रवेश वाही ने अपने क्षेत्रीय कार्यालय में दिल्ली नगर निगम के स्वच्छता सैनिकों के साथ सादगीपूर्ण वातावरण में दोपहर का भोजन किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता सैनिकों से आत्मीय संवाद किया, उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना तथा उनके अथक परिश्रम और समर्पण की सराहना की। महापौर ने कहा कि स्वच्छता सैनिक किसी भी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। वे प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों, विषम मौसम और चुनौतीपूर्ण वातावरण में कार्य करते हुए दिल्ली को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका योगदान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि वे करोड़ों नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षित वातावरण और स्वच्छ जीवन के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भागीदार हैं। उन्होंने कहा, आज अपने जन्मदिन पर स्वच्छता सैनिकों के साथ भोजन करना मेरे लिए अत्यंत भावनात्मक और गौरवपूर्ण क्षण है। यह केवल एक औपचारिक कार्पाम नहीं, बल्कि उन कर्मयोगियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है, जो बिना किसी अपेक्षा के प्रतिदिन राजधानी की सेवा में जुटे रहते हैं। महापौर श्री प्रवेश वाही ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन तथा दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के सहयोग से दिल्ली नगर निगम राजधानी को स्वच्छ, हरित और सतत विकास वाला शहर बनाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छ दिल्ली, हरित दिल्ली' अभियान को जन-जन का अभियान बनाने की दिशा में निगम निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छता सैनिक माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री के ‘स्वच्छ दिल्ली, हरित दिल्ली' संकल्प के वास्तविक योद्धा हैं। दिल्ली नगर निगम उनके सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा, ताकि वे बेहतर कार्य वातावरण के साथ राजधानी की सेवा करते रहें।