वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

अमित शाह ने गोवा में पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की 28वीं बैठक की अध्यक्षता की

प्रकाशित: 08-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
अमित शाह ने गोवा में पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की 28वीं बैठक की अध्यक्षता की
पणजी, (भाषा)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को गोवा में पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की 28वीं बैठक की अध्यक्षता की।
अधिकारियों ने बताया कि बैठक में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल शामिल हुए। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्रालय और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक पणजी के पास एक होटल में पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुई। शाह गोवा के तीन दिवसीय दौरे पर आए हैं। बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, सहयोगात्मक शासन और सदस्य राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के बीच सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि अंतरराज्यीय परिषद सचिवालय तथा बैठक में भाग ले रहे राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधिमंडल प्रस्तुतियां भी देंगे। शाह शनिवार को गोवा पहुंचे थे। उन्होंने नशामुक्त देश के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण बैठक की रविवार को अध्यक्षता की थी। उन्होंने विकसित भारत पहल के तहत देश से मादक पदार्थों की समस्या को समाप्त करने के लिए एक रूपरेखा की घोषणा की है। पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद में गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र के अलावा केंद्रशासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव शामिल हैं।