वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड का खुलासा, बहू निकली मुख्य साजिशकर्ता

प्रकाशित: 08-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
लखनऊ,(वीअ)। कानपुर। चर्चित दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की मुख्य साजिशकर्ता मृतक की बहू शालू निकली। खर्चों और गतिविधियों पर पाबंदी लगाए जाने से नाराज होकर शालू ने पुराने नौकर विशाल को छह लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार, शालू के इशारे पर पुराने नौकर विशाल ने अपने साथी राजकिशोर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों डुप्लीकेट चाबी के जरिए फ्लैट में दाखिल हुए और चाकू से हमला कर विनीत मिनोचा की हत्या कर दी। वारदात के बाद मामले को सामान्य घटना दिखाने की कोशिश की गई। पुलिस के मुताबिक, सुबह घर लौटने के बाद बहू शालू ने रोने का नाटक किया और खुद को घटना से अलग दिखाने का प्रयास किया। पुलिस ने हत्याकांड की जांच के दौरान घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की कॉल डिटेल खंगाली। जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने विशाल और राजकिशोर को चिन्हित किया। दोनों आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या में शालू की भूमिका का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता बहू शालू को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस अब हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए हथियार और सुपारी से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।