वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

फोन हैक कर की गई थी 5.12लाख रुपए की ठगी, खाता ऑपरेटर करनाल से गिरफ्तार

प्रकाशित: 26-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
फरीदाबाद, (वीअ)। महिला का फोन हैक कर 5,12,000 रुपये की ठगी करने के एक मामले में कार्रवाई करते हुये साइबर थाना एनआईटी की टीम ने स्पर्श निवासी सेक्टर-12 करनाल को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी को करनाल से 24 जुलाई को काबू किया है। जिसको न्यायलय में पेश कर 2 दिन पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने दिल्ली से एलएलबी की पढ़ाई की है। उसकी टेलीग्राम के माध्यम से ठगों से जानकारी हुई थी। जिन्होंने उसको खाता ऑपरेट कर पैसे कमाने का लालच दिया था। जिस पर वह उनके लिए काम करने लग गया। ठगों द्वारा उसके पास कोरियर के माध्यम से खातों की किट व पंजीकृत सिम भेजी जाती थी। जिसके माध्यम से वह यूपीआई व पिन जनरेट कर खाते में आए पैसों को निकाल कर एटीएम मशीन के माध्यम से ठगो द्वारा बताये खातों में पैसे भेज देता था। मामले से संबंधित ठगी के खाते का एक्सेस उसके पास था। इस खाता में ठगी के 49000 रुपये आये थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि 7-8 अन्य खाता का भी एक्सेस उसके पास मिला है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार डबुआ कालोनी निवासी एक महिला ने पुलिस में दी अपनी शिकायत में बताया कि उसके फोन पर एक लिंक आया, जिस पर क्लिक करते ही उसका फोन हैक हो गया और उसके खाता से 5,12,000 रुपये कट गये, जिसकी शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई थी।