वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

दक्षिणी चीन के करीब पहुंचा तूफान नोल

प्रकाशित: 26-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
हांगकांग, (एपी) तूफान नोल के कारण हांगकांग समेत दक्षिणी चीन में सप्ताहांत में तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने की संभावना है जिसके मद्देनजर क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
हांगकांग की वेधशाला ने बताया कि नोल के केंद्र के पास हवाओं की अधिकतम गति 130 किलोमीटर प्रति घंटा (81 मील प्रति घंटा) है। तूफान शनिवार को दक्षिण चीन सागर के उत्तर-पूर्वी हिस्से से लगातार आगे बढ़ते हुए पूर्वी ग्वांगदोंग के तट के करीब पहुंच रहा है।वेधशाला ने अनुमान जताया कि नोल रविवार सुबह दक्षिणी चीन के हुइझोउ और शानवेई शहरों के आसपास तट से टकरा सकता है। इसके कारण क्षेत्र के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने अनुमान जताया है कि दक्षिण-पूर्वी ग्वांगदोंग और फुजियान के दक्षिणी तट के कुछ हिस्सों में शनिवार और रविवार को भारी बारिश हो सकती है।
ताइवान के केंद्रीय मौसम प्रशासन ने बताया कि नोल के कारण दक्षिणी और पूर्वी ताइवान के कुछ हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है।
इस महीने की शुरुआत में तूफान बावी के कारण पूर्वी चीन में तेज हवाएं चली थीं और भारी बारिश हुई थी जिसके बाद 20 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। यह तूफान 11 जुलाई को तट से टकराया था। इससे पहले तूफान मायसाक तीन जुलाई को दक्षिणी चीन के तट से टकराया था।