वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

राष्ट्रपति मुर्मू ने रोमानिया में भारतीय समुदाय की सराहना की

प्रकाशित: 26-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
राष्ट्रपति मुर्मू ने रोमानिया में भारतीय समुदाय की सराहना की
बुखारेस्ट (रोमानिया), (भाषा)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को कहा कि रोमानिया में भारतीय समुदाय के लोग भारत के सच्चे प्रतिनिधि हैं, जिनकी उपलब्धियां नई दिल्ली की प्रगति में योगदान देती हैं और दुनिया भर के देशों के साथ इसके संबंधों को मजबूत करती हैं।भारतीय समुदाय के लिए यहां आयोजित एक स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए मुर्मू ने कहा कि भारत-रोमानिया संबंधों का सबसे मजबूत आधार दोनों देशों के लोगों के बीच का करीबी रिश्ता है।
राष्ट्रपति ने कहा, मुझे यह देखकर खुशी है कि रोमानिया में भारतीय समुदाय एकजुट है और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखे हुए है। उन्होंने रोमानिया की अर्थव्यवस्था में भारतीय कंपनियों और पेशेवरों के योगदान की सराहना की तथा कहा कि भारतीय आईटी इंजीनियरों, विद्वानों, शोधकर्ताओं, स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों और छात्रों की एक नई पीढ़ी अब रोमानिया को अपना घर बना रही है।
मुर्मू ने कहा, मुझे यह देखकर खुशी है कि भारतीय कंपनियां और भारतीय पेशेवर रोमानिया के विकास में अहम योगदान दे रहे हैं और साथ ही हमारे दोनों देशों के बीच सहयोग के नए अवसर भी पैदा कर रहे हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू बृहस्पतिवार को राजकीय यात्रा पर यहां पहुंचीं। तीन दशकों से भी ज़्यादा समय में किसी भारतीय राष्ट्र प्रमुख की इस यूरोपीय देश की यह पहली यात्रा है।उन्होंने अपने संबोधन में कहा, रोमानिया की अर्थव्यवस्था और समाज में आपका योगदान, और यहां भारतीय संस्कृति तथा मूल्यों को बढ़ावा देने की आपकी कोशिश, आपको भारत का सच्चा प्रतिनिधि बनाती हैं। देश के प्रवासी समुदाय की सराहना करते हुए मुर्मू ने कहा कि भले ही वे भारत से दूर रहते हैं, लेकिन वे अपनी मातृभूमि से गहराई से जुड़े हुए हैं।राष्ट्रपति ने कहा, आपकी उपलब्धियां और भारत के प्रति आपका प्रेम हर भारतीय को गौरवान्वित करता है।
यह उल्लेख करते हुए कि भारत और रोमानिया के बीच सहयोग पहले से कहीं अधिक व्यापक और गतिशील है, मुर्मू ने कहा, हमारी सरकारें सतत विकास विकास, जलवायु परिवर्तन से निपटने की कोशिशों, आतंकवाद रोधी उपायों और नियमों पर आधारित शांतिपूर्ण अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को बढ़ावा देने जैसे बड़े वैश्विक मुद्दों पर मिलकर काम कर रही हैं। इस साल जनवरी में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप मिलने को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि इसे जल्द लागू करने से रोमानिया सहित यूरोपीय संघ के सभी सदस्य देशों के साथ व्यापारिक संबंध काफी बढ़ेंगे। राष्ट्रपति ने कहा कि रक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवा जैसे उभरते क्षेत्रों में आर्थिक सहयोग बढ़ाने की काफी गुंजाइश है।
दर्शकों में रोमानियाई फ्रेंड्स ऑफ़ इंडिया की मौजूदगी का ज]िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय कला और संस्कृति के प्रति उनका लगाव तथा भारत के साथ उनका आध्यात्मिक जुड़ाव एक अहम सेतु का काम करता है, जो दोनों देशों के लोगों को एक-दूसरे के करीब लाता है।
राष्ट्रपति ने कहा कि रोमानिया ने दुनिया को कई बेहतरीन कलाकार, संगीतकार, लेखक और दार्शनिक दिए हैं।
मुर्मू ने कहा, भारत ने हमेशा विविधता, बातचीत और ज्ञान की खोज को महत्व दिया है। यह देखकर खुशी होती है कि रोमानिया में योग, आयुर्वेद, भारतीय नृत्य, संगीत, सिनेमा और खान-पान लोकप्रिय हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज भारत नए आत्मविश्वास और पक्के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है तथा दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।
राष्ट्रपति ने कहा, हमारे देश ने डिजिटल प्रौद्योगिकी, नवाचार, नवीकरणीय ऊर्जा, अवसंरचना, स्वास्थ्य देखभाल और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है तथा विकास की यह गति लगातार जारी है।
उन्होंने कहा, विकसित भारत 2047 का हमारा विजन एक समृद्ध, आधुनिक, आत्मनिर्भर और समावेशी भारत का निर्माण करना है।
मुर्मू ने कहा, मैं आप सभी से आग्रह करती हूँ कि विकास की इस राष्ट्रीय यात्रा में सक्रिय भागीदार बने रहें। आप दुनिया में कहीं भी रहते हों, आपका अनुभव, विशेषज्ञता और उपलब्धियां भारत की प्रगति में योगदान देती हैं तथा दुनिया भर के देशों के साथ हमारे संबंधों को और मजबूत करती हैं।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार हमेशा प्रवासी भारतीयों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
राष्ट्रपति ने कहा, आइए, हम भरोसे, साझा समृद्धि एवं अटूट दोस्ती पर आधारित भारत-रोमानिया की और भी मज़बूत साझेदारी बनाने के लिए मिलकर काम करते रहें।