वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

स्कूल बस कंडक्टर से मोबाइल, नकदी, पर्स व मोटरसाइकिल लूटने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

प्रकाशित: 14-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
फरीदाबाद,(सुनील शर्मा)। थाना खेडीपुल क्षेत्र में स्कूल बस कंडक्टर पर चाकू से हमला कर मोबाइल फोन, नकदी, पर्स, बैग व मोटरसाइकिल लूटने के मामले में थाना खेड़ीपुल की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बॉबी उर्फ बुच्चा निवासी गांव सोभा मथुरा हाल वजीरपुर रोड फरीदाबाद तथा विष्णु निवासी गांव धरिपुरा जिला फिरोजाबाद हाल भारत कॉलोनी फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता गौरव आर्य निवासी सूर्या विहार पार्ट-2 सेक्टर-91 में स्कूल सेक्टर.81 में बस कंडक्टर के पद पर कार्यरत है। 12 सितम्बर को सुबह करीब 5 बजे वह मोटरसाइकिल से स्कूल ड्यूटी के लिए जा रहा था। करीब 5.30 बजे आगरा नहर के साथ वाली सड़क पर अडोर चौक से पहले वह बाथरूम के लिए रुका। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और उसका मोबाइल फोन, पर्स में रखे करीब 4 हजार रुपये व जरूरी दस्तावेज तथा बैग, जिसमें चांदी का ब्रेसलेट लूट लिया। इसके बाद आरोपी शिकायतकर्ता की मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना खेड़ीपुल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी नशा करने के आदी हैं और 12 सितम्बर की सुबह अपने दो अन्य साथी के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े थे। जब शिकायतकर्ता बाथरूम के लिए रुका तो उन्होंने उस पर चाकू से हमला कर दिया तथा उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, पर्स व अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों से लूटी गई मोटरसाइकिल व अन्य सामान बरामद कर लिया गया है। मामले में शामिल दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।