वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

संपत्ति विवाद में एक व्यक्ति को उसके चाचा एवं चचेरे भाई ने चाकू घोंपकर मार डाला

प्रकाशित: 14-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली , (वीअ)। उत्तरपूर्वी दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में झगड़े के बाद चाचा और चचेरे भाई ने कथित तौर पर 28 वर्षीय एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस वारदात के बाद आरोपियों-- नसीरुद्दीन और उसके बेटे जावेद (26) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार 12 और 13 सितंबर की दरम्यानी रात करीब एक बजे जब मोहम्मद अली पानी की बोतल लेने के लिए नीचे गया था, तब उसके साथ यह घटना हुई। अली की पत्नी का दावा है कि जावेद ने अली को रसोईघर में नहीं जाने दिया, जिससे उनके बीच बहस हो गई। अली की पत्नी ने आरोप लगाया है कि झगड़ा बढ़ गया और नसीरुद्दीन ने उसके पति को पकड़कर रखा, जबकि जावेद ने उसे कई बार चाकू मारा। पुलिस के मुताबिक हमले के बाद आरोपी घटनास्थल से भाग गये। पुलिस के अनुसार अली को उसके परिवार वाले जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अली के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया है। अधिकारी ने कहा, ''जांच में पता चला कि नसीरुद्दीन और अली के पिता, जुमा दीन के बीच मुर्गा मार्केट में कपड़ों की एक दुकान को लेकर विवाद चल रहा था। अली के परिवार का आरोप है कि यह संपत्ति विवाद करीब आठ महीने से चल रहा था और उनका दावा है कि आरोपी घर पर भी कब्ज़ा करना चाहते थे।'' पुलिस के अनुसार रविवार को हत्या का मामला दर्ज किया गया और अपराध विज्ञान दलों ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान उसे कई अहम सुराग मिले और कुछ ही घंटों में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस का कहना है कि वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी उनकी निशानदेही पर बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली।