वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

किश्तवाड़ दुष्कर्म-मौत मामले की जांच अपराध शाखा को सौंपी जाए : महबूबा

प्रकाशित: 30-08-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
श्रीनगर, (भाषा)। पीपुल्स डेपोटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से आग्रह किया कि किश्तवाड़ में किशोरी से दुष्कर्म और बाद में उसकी मौत के मामले को पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच के लिए अपराध शाखा को सौंपा जाए। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह घटना केवल महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों का एक और उदाहरण भर नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज की अंतरात्मा पर एक गहरा आघात है। उन्होंने कहा, दस दिन बीत जाने के बाद भी इस नृशंस अपराध पर चुप्पी पीड़ित परिवार की पीड़ा को बढ़ा रही है।
और न्याय प्रणाली में जनता के विश्वास को कमजोर कर रही है। यदि अब भी निर्णायक कार्रवाई नहीं की गई और दोषियों को उनके किए की सजा देकर न्याय के कठघरे में नहीं लाया गया, तो ऐसे घिनौने अपराध बेखौफ जारी रहेंगे।
पीडीपी प्रमुख ने उपराज्यपाल सिन्हा से निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के लिए मामले को तुरंत अपराध शाखा को सौंपने की अपील की।
किश्तवाड़ जिले के छत्रू इलाके में जनजातीय समुदाय की 15 वर्षीय एक लड़की का उसके स्कूल शिक्षक द्वारा कई महीनों तक बार-बार कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया, जिसके परिणामस्वरूप वह गर्भवती हो गई।
पुलिस के अनुसार, कथित तौर पर गर्भपात कराने की कोशिश के बाद 20 अगस्त को किशोरी की मौत हो गई।