वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

भारतीय कबड्डी खिलाड़ी डोप परीक्षण में विफल, रजत पदक छिना

प्रकाशित: 09-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली, (भाषा)। एशियाई बीच खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय कबड्डी टीम के सदस्य बृजेंद्र सिंह चौधरी से प्रतियोगिता के दौरान हुए डोप परीक्षण में विफल रहने के कारण पदक छीन लिया गया है। अंतर्राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (आईटीए) ने बताया कि चौधरी 27 अप्रैल को प्रतियोगिता के दौरान किए गए डोप परीक्षण में प्रतिबंधित ड्युरेटिक (मास्किंग एजेंट) ब्रिंजोलेमाइड के सेवन के दोषी पाए गए थे और उन्होंने प्रतिबंध को स्वीकार कर लिया है। एशियाई बीच खेल चीन के सान्या में 22 से 30 अप्रैल तक हुए थे। भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने रजत जबकि महिला टीम ने स्वर्ण पदक जीता था। आईटीए ने एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) की ओर से जारी बयान में कहा, ''अंतरराष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (आईटीए) ने बताया है कि भारतीय कबड्डी खिलाड़ी बृजेंद्र सिंह चौधरी पर डोपिंग रोधी नियम उल्लंघन (एडीआरवी) के मामले में कार्रवाई की गई है।'' ब्रिंजोलेमाइड को विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) ने प्रतिबंधित पदार्थों की सूची में शामिल किया है और यह प्रतियोगिता के दौरान तथा प्रतियोगिता के इतर भी हर समय प्रतिबंधित है।