वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज : चौथे दिन भारत ने दो स्वर्ण समेत जीते पांच पदक

प्रकाशित: 09-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
अहमदाबाद, (भाषा)। भारतीय तीरंदाजों ने पैरा तीरंदाजी विश्व सीरीज के समापन से एक दिन पहले मंगलवार को यहां शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किए। पुरुषों की कंपाउंड और रिकर्व टीमों ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि स्वाति चौधरी ने एक ही दिन में दो पदक हासिल किए।
मौजूदा विश्व चैंपियन तोमन कुमार और श्याम सुंदर स्वामी की पुरुष कंपाउंड जोड़ी ने इराक को 152-139 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, दो बार के पैरालंपिक पदक विजेता हरविंदर सिंह और विजय सुंडी की रिकर्व जोड़ी ने स्लोवाकिया को 6-2 से पराजित कर शीर्ष स्थान हासिल किया। महिला रिकर्व टीम में भावना और पूजा को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारतीय जोड़ी को फाइनल में चीन के हाथों 0-6 (23-34, 33-35, 30-31) से हार मिली। स्वाति चौधरी और आदिल मोहम्मद नजीर अंसारी ने मिश्रित टीम डब्ल्यू-1 (रिकर्व/कंपाउंड) स्पर्धा में रजत पदक जीता। स्वाति ने इसके बाद दोपहर के सत्र में व्यक्तिगत डब्ल्यू-1 वर्ग में कांस्य पदक भी अपने नाम किया। उन्होंने व्यक्तिगत तटस्थ एथलीट (एआईएन) के झंडे के तहत खेल रही रूस की एलेना ाgढतोवा को 6-2 से हराया। इस तरह स्वाति ने एक ही दिन में रजत और कांस्य, दोनों पदक हासिल किए।
स्वामी और तोमन ने पुरुष कंपाउंड टीम स्पर्धा के फाइनल में इराक के अब्बास कादिम और अनवर अलदावोद को हराकर स्वर्ण पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने धीमी शुरुआत की, लेकिन इसके बाद जल्द ही लय हासिल कर ली और फिर उसे जीत दर्ज करने में कोई परेशानी नहीं हुई। हरविंदर और सुंडी ने पहले सेट में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए स्लोवाकिया के डेविड इवान और डेनिस इवान को 6-2 (34-37, 36-31, 38-34, 35-31) से हराया।