पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो बदमाश ढेर,दो सिपाही घायल
प्रकाशित: 18-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
फिरोजाबाद,(वीअ)। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने पहुंची इटावा एसओजी टीम और बदमाशों के बीच शिकोहाबाद क्षेत्र में मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो बदमाशों को मार गिराया। पुलिस के अनुसार, इटावा एसओजी की टीम अपराधियों की तलाश में शिकोहाबाद क्षेत्र में दबिश देने पहुंची थी। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में एसओजी के सिपाही डेविड और पुष्पेंद्र गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में दो बदमाश सुमित और अंकित गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कानपुर रेंज के डीआईजी यमुना प्रसाद समेत पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे घटपाम की जानकारी ली। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पुलिस टीम बदमाशों के आपराधिक इतिहास और उनके साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।