वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

बदौसा-खुरहंड रेलखंड के बीच 120 किमी की रफ्तार से दौड़ी ट्रेन

प्रकाशित: 24-07-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
बांदा,(वीअ) झांसी-मानिकपुर रेल दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत गुरुवार को बदौसा-अतर्रा-खुरहंड रेलखंड पर 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल किया गया। स्पीड ट्रायल रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) प्रणजीव सक्सेना की मौजूदगी में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
स्पीड ट्रायल से पूर्व रेल संरक्षा आयुक्त ने बांदा स्टेशन पहुंचने के बाद गेट संख्या-472 से खुरहंड स्टेशन तक ट्राली के माध्यम से नव निर्मित रेल दोहरीकरण लाइन का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ट्रैक, सिग्नलिंग, संरक्षा व्यवस्था एवं अन्य तकनीकी मानकों का परीक्षण किया गया। निरीक्षण उपरांत खुरहंड स्टेशन से स्पेशल ट्रेन द्वारा लगभग 12.30 बजे 120 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से स्पीड ट्रायल शुरू किया गया, जो बदौसा स्टेशन तक सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ट्रायल के दौरान रेल लाइन के सभी तकनीकी एवं संरक्षा मानक संतोषजनक पाए गए। इसके बाद रेल संरक्षा आयुक्त एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी प्रयागराज के लिए रवाना हुए, जबकि मंडल रेल प्रबंधक झांसी अन्य अधिकारियों के साथ बांदा होकर झांसी के लिए प्रस्थान कर गए। पूरे कार्पाम के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। सुरक्षा ड्यूटी में एक निरीक्षक, दो उपनिरीक्षक, एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) तथा 10 हेड कांस्टेबल एवं कांस्टेबल तैनात रहे। रेल अधिकारियों के अनुसार, स्पीड ट्रायल की सफलता झांसी-मानिकपुर रेल दोहरीकरण परियोजना का महत्वपूर्ण चरण है। इसके पूरा होने से इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम होगा, जिससे यात्रियों के साथ-साथ माल परिवहन को भी लाभ मिलेगा।