वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

चीनी रिफाइनरियों की घरेलू बाजार में 2.5 लाख टन सफेद चीनी बेचने की योजना

प्रकाशित: 10-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली, (भाषा)। त्योहारी मौसम से पहले आपूर्ति बढ़ाकर चीनी की कीमतों पर अंकुश लगाने की कोशिशों के बीच देश की चीनी रिफाइनरियां घरेलू बाजार में करीब 2.5 लाख टन सफेद चीनी बेचने की योजना बना रही हैं। उद्योग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। श्री रेणुका शुगर्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुशील कुमार ने भारतीय चीनी एवं जैव-ऊर्जा विनिर्माता संघ (इस्मा) के एक कार्पाम से इतर संवाददाताओं से कहा, हमने घरेलू बाजार में करीब 2.5 लाख टन एएलएस चीनी बेचने की पेशकश की है। भारत में श्री रेणुका शुगर्स समेत दो ऐसी चीनी रिफाइनरियां हैं, जो अग्रिम लाइसेंस योजना (एएलएस) के तहत कच्ची चीनी का आयात कर उसे रिफाइन कर निर्यात करती हैं। सरकार ने पिछले महीने इन रिफाइनरियों को एएलएस के तहत रिफाइन की गई चीनी को घरेलू बाजार में बेचने का आदेश दिया था। इसका उद्देश्य त्योहारी मौसम से पहले घरेलू बाजार में चीनी की आपूर्ति बढ़ाना है। कुमार ने कहा कि सरकार के इन कदमों के बाद घरेलू चीनी कीमतों में गिरावट आई है। चीनी की मिल स्तर पर कीमत फिलहाल करीब 43-44 रुपये प्रति किलोग्राम है, जो आयातित चीनी की करीब 50 रुपये प्रति किलोग्राम की अनुमानित लागत से कम है।