वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

भारत ने विश्व तीरंदाजी पैरा सीरिज के आखिरी दिन दो स्वर्ण, चार कांस्य जीते

प्रकाशित: 10-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
अहमदाबाद, (भाषा)। मौजूदा पैरालम्पिक चैम्पियन हरविंदर सिंह और दुनिया की नंबर एक तीरंदाज शीतल देवी की अगुवाई में भारत ने विश्व तीरंदाजी पैरा सीरिज के तीसरे चरण का अंत आखिरी दिन बुधवार को दो स्वर्ण और चार कांस्य पदक के साथ किया।
मौजूदा विश्व चैम्पियन शीतल ने पैरा कंपाउंड महिला व्यक्तिगत वर्ग में स्वर्ण जीता जबकि पैरालम्पिक में दो पदक जीत चुके हरविंदर ने भावना के साथ पैरा रिकर्व मिश्रित टीम स्पर्धा में पीला तमगा हासिल किया। रिकर्व मिश्रित टीम फाइनल में हरविंदर और भावना ने चीन के लियांग कियूरोंग और शिया लेइ को 6-0 से हराया। भावना ने रिकर्व महिला प्लेआफ में राजश्री राठौड़ को 6-0 से हराकर कांस्य पदक जीता। शीतल ने महिला कंपाउंड व्यक्तिगत फाइनल में कजाखस्तान की ऐजादा सेडान को शूटआफ में मात दी। शीतल ने इससे पहले तोमन कुमार के साथ कंपाउंड मिश्रित टीम में भी कांस्य पदक जीता था। उन्होंने ईराक की सारा अल हामिद और अब्बास कादिम को 157-145 से हराया। भारत ने पैरा कंपाउंड महिला व्यक्तिगत वर्ग में भी कांस्य जीता जब सरिता ने चीन की वांग हुइटिंग को 141ö140 से मात दी। तोमन ने कंपाउंड व्यक्तिगत वर्ग में मौजूदा विश्व चैम्पियन ईराक के अब्बास कादिम को 143-138 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया।