ज्योति नगर पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर लूट का मामला सुलझाया, 3 आरोपी गिरफ्त में
प्रकाशित: 10-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नई दिल्ली , (वीअ)। नई दिल्ली उत्तर पूर्वी जिले के ज्योति नगर क्षेत्र थाने की टीम ने दो आरोपियों लुटेरों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल फोन बरामद करते हुए 24 घंटे के भीतर लूट के एक मामले को सुलझा दिया, 8 सितंबर 2026 को करीब 09:10 बजे ज्योति नगर थाने में एक मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद लूटने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सहायक उप-निरीक्षक गजराज सिंह कर्मचारियों के साथ तुरंत गली नंबर 15, हरिजन बस्ती, पश्चिम ज्योति नगर दिल्ली पहुंचे, शिकायतकर्ता राज कुमार पुत्र संत राम उम्र 42 वर्ष ने बताया कि करीब 09:00 बजे जब वह अपने घर के बाहर अपनी छोले भटूरे की गाड़ी तैयार कर रहे थे, तभी अश्वनी उर्फ काली नाम का एक लड़का अपने साथी के साथ उनके पास आया और पैसे की मांग करने लगा। जब उन्होंने विरोध किया तो अश्वनी उर्फ काली ने उनका गला दबा दिया, जबकि उसके साथी ने उनका मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद लूट लिया। दोनों आरोपी उसके बाद मौके से भाग गए। इसी संबंध में ज्योति नगर थाने में प्राथमिकी संख्या 410/26 दिनांक 08/09/2026 धारा 309(4)/3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। दीपक चंद्रा, सहायक पुलिस आयुक्त गोकल पुरी के पर्यवेक्षण में निरीक्षक वेद प्रकाश, थाना अध्यक्ष ज्योति नगर के नेतृत्व में सहायक उप-निरीक्षक नरेश, सहायक उप-निरीक्षक गजराज, हवलदार राहुल, हवलदार अमित और सिपाही अनिल कुमार की एक विशेष टीम बनाई गई।