वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

नेपाल में बाढ़ से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,365 हुई

प्रकाशित: 10-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
नेपाल में बाढ़ से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,365 हुई
काठमांडू, (भाषा)। नेपाल में अचानक आयी विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित इलाकों से और शव बरामद किए जाने के बाद बुधवार को मृतकों की संख्या बढ़कर 1,365 हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नेपाल पुलिस के एक समाचार बुलेटिन के अनुसार, बचाव दल कम से कम 589 विदेशी नागरिकों सहित 5,326 लापता लोगों की तलाश में लगातार जुटे हुए हैं।
रासुवा में चिलिमे टनल में पानी और कीचड़ की सफाई करते ऑस्ट्रेलियाई सुरंग रेस्क्यू एक्सपर्ट अर्नोल्ड डिक्स एवं भारत की टेक्निकल टीम भी शामिल हैं। बचाव टीमों ने चितवन जिले से 363, नवलपरासी पूर्व से 226, नवलपरासी पश्चिम से 222 और नुवाकोट से 197 शव बरामद किए हैं। इसी तरह, रसुवा जिले से 174, गोरखा से 75, धादिंग से 70 और तनहूं से 38 शव बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि अब तक 102 शवों की शिनाख्त हो पाई है और उन्हें परिजनों को सौंपा जा चुका है।
सुरक्षाकर्मियों ने पहचान में आसानी के लिए डीएनए नमूने एकत्र करने सहित सभी निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार 1,147 अज्ञात शवों को दफना दिया गया है।
नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को हिमस्खलन के कारण अचानक भोटेकोशी नदी में आयी बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों तथा गांवों में भारी तबाही मचाई।
चीन में मीडिया की खबरों के अनुसार इस आपदा में चीन में भी कम से कम 43 लोगों की मौत हो गई, जबकि तिब्बत में 500 से अधिक लोग अब भी लापता हैं।