वर्षों से राष्ट्र की सेवा में समर्पित Virarjun अर्जुनस्य प्रतिज्ञे द्वे, न दैन्यं, न पलायनम् ।

दिल्ली में भवन नियमों का उल्लंघन नहीं होगा किसी कीमत पर बर्दाश्त ः प्रवेश वाही

प्रकाशित: 08-09-2026 | लेखक: वीर अर्जुन टीम
वीर अर्जुन संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि सत्य निकेतन की घटना अत्यंत गंभीर एवं दुखद है और इस प्रकार की घटना को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जा सकता, मामले की मजिस्ट्रेट जाँच भी चल रही है। यद्यपि यह भवन ख़तरनाक श्रेणी में नहीं था, भवन मालिक द्वारा वहाँ बेसमेंट में कार्य किया जा रहा था।
महापौर ने दिल्लीवासियों से अपील करते हुए कहा कि नागरिक अपने घरों अथवा व्यावसायिक परिसरों में किसी भी प्रकार की ऐसी छेड़छाड़ न करें, जिससे भवन की संरचनात्मक मजबूती प्रभावित हो और जान-माल के लिए खतरा उत्पन्न हो। भवन के पिलर, बीम, कॉलम, स्लैब तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं में बिना विशेषज्ञ सलाह एवं नियमानुसार अनुमति के किसी भी प्रकार का बदलाव करना बेहद खतरनाक हो सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे भवन की मूल संरचना से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ करने से बचें और निर्धारित भवन उप-नियमों का पूरी तरह पालन करें। महापौर श्री प्रवेश वाही ने स्पष्ट किया कि भवन उप-नियमों का उल्लंघन करते हुए अथवा चार मंजिल से अधिक भवन का निर्माण किए जाने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में इस प्रकार की अनधिकृत गतिविधियां सामने आएंगी, वहां संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महापौर ने बताया कि दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री सुश्री रेखा गुप्ता जी ने भी सत्य निकेतन की घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक नए दिशा-निर्देश तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित दिशा-निर्देशों के तहत यदि कोई मकान मालिक अपने भवन में किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि संचालित करता है, तो भवन की संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संरचनात्मक ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत करना आवश्यक किए जाने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।